खुटार के गांव प्रसादपुर में क्षतिग्रस्त हुई कार। संवाद
खुटार। रोजा से दुधवा नेशनल पार्क जा रहे युवकों की कार और बस की टक्कर में रोजा के पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बृहस्पतिवार को रोजा निवासी आशिक अली कार से अपने दोस्त रोजा के ही राहुल, चौक कोतवाली के मोहल्ला केरूगंज निवासी किशन गोयल, रोजा के गांव बल्लिया निवासी अनिल और आरिफ के साथ दुधवा नेशनल पार्क जा रहे थे। कार आशिक अली चला रहे थे। पूर्वाह्न लगभग 11 बजे खुटार-मैलानी मार्ग पर गांव प्रसादपुर के पास कार में एक निजी बस टकरा गई। हादसे में कार सवार पांचों लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक बस लेकर चला गया।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पाकर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से मैलानी पीएचसी भिजवाया। सूचना पाकर घायलों के परिजन भी मैलानी पहुंचे। आशिक अली, अनिल और किशन गोयल को मैलानी से रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि हादसे के मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
टेंपो की चपेट में आकर बाइक सवार युवक घायल
कांट। थाना क्षेत्र में जमौर स्थित गैस बॉटलिंग प्लांट के पास तेज रफ्तार टेंपो की चपेट में फर्रुखाबाद क्षेत्र के थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव अमृतपुर निवासी कुशाग्र (29) बाइक समेत खाई में जा गिरे। चालक टेंपो लेकर भाग गया। मौके पर ग्रामीणों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद