शाहजहांपुर। एसओसी, सर्विलांस सेल व आरसी मिशन थाने की संयुक्त टीम ने बुधवार आधी रात के बाद रिलायंस गेट के पास डकैती की साजिश रचते हुए जीजा-साले समेत पांच बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। इस बीच अंधेरे का फायदा उठाकर भागे दो बदमाशों की तलाश में टीम लगा दी गई है। पकड़े गए लोगों के पास से चोरी का माल बरामद हुआ है।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि रात में पुलिस टीम हरदोई चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस बीच मुखबिर ने सूचना दी कि सीतापुर रोड पर शिव मंदिर के पीछे रिलायंस गेट के पास मजार पर कुछ लोग किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं।
टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि मंदिर के पास ओमनी वैन व एक बाइक खड़ी थी। सात लोग बैठे डकैती की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने दीवार की आड़ लेकर अपना बचाव किया।
प्रभारी निरीक्षक ने चेतावनी देते हुए पिस्टल से दो हवाई फायर किए और दोबारा सभी से आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। रात करीब 1:12 मिनट पर टीम ने घेराबंदी कर भाग रहे कस्बा मदनापुर निवासी राहुल, गुड्डू, मीरानपुर कटरा के बाबूपुर गांव निवासी सुनील, लखीमपुर खीरी जिले के थाना पसगवां क्षेत्र के कलरई गांव निवासी सैफुद्दीन व थाना मोहम्मदी क्षेत्र के बड़खर गांव निवासी मदनलाल को गिरफ्तार किया।
इस बीच बड़खर गांव निवासी राजेश उर्फ कमती व हरदोई के थाना बेहटागोकुल क्षेत्र के बिजीगवां कुंवरपुर गांव निवासी प्रमोद भाग गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है।
गर्मी में करते हैं चोरी की घटनाएं, सर्दी में आराम
एसपी सिटी के अनुसार, गैंग का सक्रिय सदस्य गुड्डू है। वही योजनाएं बनाता है। ये लोग गर्मियों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते और सर्दी में आराम करते हैं। लूट की घटनाओं से चोरी में अधिक फायदा नजर आ रहा था, इसलिए चोरी करने लगे। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे योजना बनाकर गिरोह के रूप में घरों में चोरी, नकबजनी एवं डकैती करते हैं। 15 दिन पहले बाड़ीगांव में एक घर में नकब लगाकर चोरी की थी। इसके अतिरिक्त थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के ग्राम बादशाहनगर में, छह जून को ग्राम पंथी में, 13 जून को ग्राम रौरा में, थाना खुदागंज क्षेत्र के ग्राम बमिहाना व ग्राम कुआडांडा में 23 जून को चोरी की घटनाएं अंजाम दी थीं। इन चोरियों में उन्हें बड़ी रकम नहीं मिली। इसीलिए ग्रीन सिटी कॉलोनी में किसी के घर डकैती कर बड़ा हाथ मारकर शहर छोड़ने की योजना बना रहे थे। उन्होंने बताया कि पहले की चोरियों का सारा माल बरेली मोड़ स्थित सुनील के किराये के कमरे पर छिपाकर रख दिया था। चोरी के रुपये से ही इन लोगों ने एक आल्टो कार खरीदी।
राहुल पर 16 और गुड्डू पर दर्ज हैं 23 मुकदमे
मौके से भागा राजेश आरोपी मदनलाल का सगा भाई है। मदनलाल का जीजा सुनील और उसका जीजा गुड्डू है। गुड्डू का भतीजा राहुल है। आरोपी राहुल पर हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर समेत करीब 16 मुकदमे जलालाबाद, कांट, मदनापुर, तिलहर, खुदागंज, सेहरामऊ दक्षिणी, तिलहर आदि में दर्ज हैं। आरोपी राहुल 2018 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। आरोपी सुनील पर चोरी, लूट, गुंडागर्दी, आबकारी अधिनियम समेत करीब 23 मुकदमे शाहजहांपुर, बरेली और लखीमपुर के थानों में दर्ज हैं।