आरसी मिशन पुलिस की गिरफ्त में रिक्शा चोरी करने वाले पांच आरोपी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर चालक को बेहोश कर ई-रिक्शा चोरी करने वाले गैंग का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना आरसी मिशन पुलिस व एसओजी ने गाजियाबाद के युवक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 13 चोरी के ई-रिक्शे, नशीली दवाई और तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
रिक्शा चोरी की बढ़ती घटनाओं पर एसपी एस. आनंद ने थाना रामचंद्र मिशन प्रभारी रवि कुमार व एसओजी प्रभारी रोहित सिंह को खुलासे के निर्देश दिए थे। पुलिस ने शुक्रवार रात एक बजे मोहल्ला रेती में ग्रीन वैली स्कूल से बिसरात को जाने वाली रोड के नए पुल से तिलहर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नजरपुर निवासी गैंग लीडर सोहेल खान, आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला ख्वाजा फिरोज निवासी नोमाज अली, गाजियाबाद के थाना ट्रोनिका सिटी की पूजा कॉलोनी सोम बाजार निवासी गोपाल शर्मा, तिलहर के मोहल्ला नजरपुर निवासी जीशान व बीसलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला हबीब उल्ला खां निवासी शफीक अली को गिरफ्तार किया।
शनिवार को पुलिस लाइन में एसपी ने बताया कि ई-रिक्शा चोरी करने वाला गैंग कोल्डड्रिंक या अन्य पेय पदार्थों में नशीला पदार्थ मिलाकर रिक्शा चालक को दे देते थे। नशा होने पर चालक को रोड किनारे डालकर ई-रिक्शा लेकर भाग जाते थे। बताया कि गैंग लीडर सोहेल खान ने गाजियाबाद व दिल्ली में रहकर काफी दिन यही काम किया था। वहीं उसकी दोस्ती गोपाल शर्मा से हुई। सोहेल ने जीशान और नोमाज को मिलाकर गैंग तैयार किया था।
गोपाल ही दिल्ली से नशीली दवाई लेकर आता था। गैंग के दो लोग नया रिक्शा देखकर उसमें सवार हो जाते थे और मौका देखकर चालक को बेहोश कर नोमाज को देते थे। नोमाज ई-रिक्शे को गोदाम में खड़ा कर लेता था। सुबह में चार से आठ बजे के बीच रिक्शे को बीसलपुर निवासी शफीक को 50 हजार रुपये में बेच देता था। दस-दस हजार रुपये सभी सदस्यों में बांटे जाते थे।