तिलहर। गणेशपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर मंगलवार की रात दो पक्षों के बीच विवाद के बाद दोतरफा फायरिंग होने से गांव में हड़कंप मच गया। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस रात में ही गांव पहुंच गई, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग मौके से भाग चुके थे।
बुधवार को सुबह दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा है और उनमें पहले भी मुकदमेबाजी हो चुकी है। इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी।
उन्होंने बताया कि फायरिंग के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच मे प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालांकि, पुलिस ने स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई है। संवाद