शाहजहांपुर में गर्मी और तेज धूप से बचने के लिए बच्चे के सिर पर कपड़ा बांधकर ले जाती महिला। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। मौसम के लिहाज से रात में गर्मी और उमस से जनजीवन को थोड़ा सुकून मिला, लेकिन शनिवार को सुबह सूर्योदय के बाद जैसे-जैसे धूप में तेजी आई। वातावरण में आर्द्रता कम होने के साथ गर्म पछुआ हवाएं जनजीवन को झुलसाने लगी। हालांकि, रात में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री बढ़कर 19.8 डिग्री सेल्सियस हो गया, लेकिन तब तक वातावरण में नमी का स्तर 63 प्रतिशत बना रहने से हवा में थोड़ी ठंडक बनी रही, लेकिन दिन निकलने पर सूरज ने आग उगलनी शुरू की तो हवा भी गर्म होने लगी और दोपहर तक अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री बढ़कर 40.2 डिग्री सेल्सियस हो गया।
दिन में 11 बजे से थर्मामीटर का पारा उछलना शुरू हुआ और दोपहर दो बजे के बाद तक तापमान में वृद्घि जारी रही। माह के द्वितीय शनिवार का राजपत्रित अवकाश होने के बावजूद नौकरी पेशा तबके के लोगों ने गर्मी से बचने के लिए घरों में बने रहने में भलाई समझी और बाजारों तक जाने में दिलचस्पी नही दिखाई। इसलिए बहादुरगंज से सदर बाजार और गोविंद गंज तक दोपहर के वक्त भीड़भाड़ नजर नहीं आई, जबकि छुट्टी के दिन शहर के यह सभी बाजार ग्राहकों से इतने गुलजार रहते हैं कि बहादुरगंज पचराहा और सदर बाजार के संकरे मार्ग पर जाम लगने की नौबत आ जाती है।
गर्मी का प्रकोप इतना अधिक रहा कि शाम चार बजे के बाद सूर्य किरणों का तीखापन कम होने के बाद भी शुष्क हवा गर्मी बिखेरती रही। सामान्य पंखे भी गर्म हवा फेंक रहे हैं। इसलिए अब लोगों ने घरों मे पैक रखे कूलर किले शुरू कर दिए ताकि दिन भर की थकान के बाद रात मेें सुकून की नींद मिल सके। गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह का कहना है कि हवा में नमी लगातार कम होने से अब रात में भी तापमान बढ़ने लगा है। उन्होंने बताया कि दिन और रात के तापमान में अंतर कम होना शुरू हा गया है जो अगले सप्ताह तक असहनीय गर्मी पड़ने का संकेत है।