रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में लगी आग से अफरातफरी
इंदिरानगर-ऑफीसर्स कालोनी मार्ग की रेलवे क्रासिंग के पास सोमवार को दोपहर झाड़ियों में अचानक आग लग गई। तेज हवा से आग की लपटें रेलवे ट्रैक की ओर बढ़ती देख वहां मौजूद गेटमैन ने सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इससे रेल अधिकारियों मेें अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान ट्रेनों को धीमी गति से निकाला गया। सुबह से दोपहर डेढ़ बजे के बाद तक रोजा-शाहजहांपुर के बीच अप-डाउन लाइनों पर रेल यातायात सामान्य रहा। इसके बाद अचानक इंदिरानगर वाली रेलवे क्रासिंग के पास डाउन लाइन के किनारे धुआं उठने लगा। इंदिरानगर कालोनी के कुछ लोग मौके पर पहुंचे तो उन्हें ट्रैक के किनारे उगी घास और झाड़ियों से आग की लपटें उठती दिखीं। आग रेलवे ट्रैक की ओर बढ़ती देख कॉलोनी में रहने वाले राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा के आवास से फोन पर इत्तला फायर स्टेशन को दी गई। चूंकि, रेलवे ट्रैक का इलेक्ट्रिफिकेशन हो चुका है। इसलिए रेलवे की 25 हजार वोल्ट की हाइटेंशन पॉवर लाइन को आग से बचाने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम पानी का टैंकर लेकर मौके पर पहुंच गई। दमकल यूनिट ने अपना काम शुरू कर दिया, लेकिन तब तक लपटें रेलवे लाइन के किनारे खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ों को अपनी चपेट में लेने लगी। धुएं के कारण लाइनें दिखनी बंद हो गईं। क्रासिंग पर तैनात गेट मैन ने स्टेशन मास्टर को सूचित किया। स्टेशन मास्टर ने आग की सूचना रेलवे कंट्रोल को दी। वहां से मिले आदेश पर पॉवर कंट्रोल से ट्रेनों का कासन लागू कराया। इस बीच, लपटों को काबू करने के लिए दमकल यूनिट ने मौके पर पानी का दूसरा टैंकर भी मंगवा लिया। करीब आधा घंटे में दमकल यूनिट ने आग को नियंत्रित कर लिया। इस दौरान लखनऊ दिशा को जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस, कोलकाता से जम्मू जाने वाली सियालदह एक्सप्रेस समेत कई मालगाड़ियों को धीमी गति से निकाला गया।
पहले भी लग चुकी है आग
रोडवेज बस स्टेशन के पीछे स्थित टाउन हाल क्रासिंग से लेकर गोविंदगंज होते हुए इंदिरानगर रेलवे क्रासिंग तक रेल लाइनों के दोनों ओर हर साल बारिश में घनी झाड़ियां उग आती हैं। चूंकि, इस इलाके में रेलवे लाइनों के दोनों ओर रिहायशी क्षेत्र है। इसलिए ट्रैक लांघकर लाइन पार आवाजाही करने वाले लोग वहां कूड़ा और जलती हुई बीड़ी-सिगरेट फेंक देते हैं। दो साल पहले गोविंदगंज और इंदिरानगर रेलवे क्रासिंग के बीच स्थित सत्यप्रेम फिलिंग स्टेशन के पीछे झाड़ियों मेें भीषण आग लगी थी। दमकल कर्मचारियों के अनुसार लाइन किनारे घूमने वाले या फिर यात्री द्वारा लापरवाही से जलती बीड़ी-सिगरेट फेंके जाने से आग भड़की होगी।
झाड़ियों की हर साल होती ती है सफाई
टाउनहाल से इंदिरानगर क्रासिंग तक हर साल लाइनों के किनारे उगी झाड़ियां सहायक मंडल अभियंता के स्तर से साफ कराई जाती हैं। लाइनों के किनारे का रास्ता अपनाकर दूसरी ओर जाने वालों की लापरवाही से झाड़ियों में आग लग जाती है। झाड़ियों में आग लगने की बात मेरे संज्ञान में नहीं है और इससे रेल यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा।
- एके गौतम, स्टेशन अधीक्षक, उत्तर रेलवे