जलालाबाद। सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने को लेकर रविवार को गांव रैपुरा में हुई मारपीट के मामले मे महिला यूट्यूबर समेत दोनों पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव रैपुरा की यूट्यूबर सीमा राजपूत की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट मे कहा गया है कि आठ फरवरी को उसके गांव के जोगराज, गोविंद, पुष्पेंद्र व रवि उसके घर पहुंचे और सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने पर एतराज जताया। जब उनकी बात का विरोध किया तभी वे लोग उससे गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। वहां मौजूद उसके पति मदनपाल, सास ईश्वरवती व देवर ने बीचबचाव की कोशिश की तो हमलावरों ने उन सभी को पीटा।
दूसरे पक्ष के जोगराज की पत्नी धूपकली ने पुलिस को बताया कि उनके गांव की सीमा राजपूत सोशल मीडिया पर गांववालों को लेकर आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करती है। इससे उन लोगों को शर्मिंदा होना पड़ता है। रविवार को वह अपने बेटे के साथ इस बात की शिकायत करने सीमा के घर गई। आरोप है कि इस बात से नाराज सीमा, उसके पति मदनपाल, देवर बबलू और कप्तान ने उन दोनों को अपने घर मे खींच लिया और बुरी तरह पीटा। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद