जलालाबाद में परशुराम मंदिर में निर्माण कार्यों का जायजा लेते वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना। सं
जलालाबाद। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार की शाम अधिकारियों के साथ यहां आकर परशुराम मंदिर पर चल रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को परिसर में उचित स्थान पर भगवान परशुराम की प्रस्तर प्रतिमा स्थापित कराने और वहां 25 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के निर्देश दिए।
राम ताल के किनारे नाले और सडक के अलावा मंदिर परिसर में निर्माणाधीन दो मंजिला बहुउद्देशीय भवन को देखने के बाद निर्माणदात्री संस्था सीएंडडीएस और यूपीपीसीएल के अधिकारियों से उन्होंने वहां प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। वित्त मंत्री ने कहा कि सत्संग हाल को हरसंभव बड़ा करके बनाएं।
उन्होंने मंदिर मार्ग की सीढ़ियों को सुविधाजनक बनाने पर विशेष बल दिया। इस दौरान डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने उन्हें राम ताल व मंदिर परिसर में होने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बता दें कि प्रदेश सरकार से 30 करोड़ रुपये की धनराशि से राम ताल में घाट, सड़क व नाला निर्माण के लिए 11 करोड़ रुपये और मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए 19 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
इससे पहले, वित्त मंत्री ने भगवान परशुराम की मूर्ति के समक्ष माथा टेका और पूजा अर्चना की। इस दौरान प्रबंध समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पुनीत मिश्रा ने उन्हें चांदी का मुकुट भेंट किया। इस मौके पर उनके साथ सांसद अरुण सागर, भाजपा के जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल यादव, कलान के चेयरमैन हर नारायण गुप्ता, मिर्जापुर के ब्लाक प्रमुख प्रियांशु रघुुवंशी आदि मौजूद रहे।