रोजा। रेती रोड स्थित डाॅ.सुदामा प्रसाद विद्यास्थली में चल रहा विवाद मंगलवार को सामने आ गया। प्रबंधक संजय गुप्ता ने प्रधानाचार्य उज्ज्वला मिश्रा व लिपिक दिव्यांश मिश्रा पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए बर्खास्त करने का नोटिस चस्पा कर दिया। दोनों के विद्यालय परिसर में आने पर रोक लगा दी। वहीं उज्ज्वला मिश्रा ने दो साल से किसी भी प्रबंधक के नहीं होने की बात कही है।
संजय गुप्ता ने बताया कि उज्ज्वला मिश्रा पर विद्यालय के 25 लाख रुपये गबन करने व रुपयों के दुरुपयोग का आरोप हैं। इसके चलते 16 मार्च को प्रधानाचार्य को बर्खास्त कर दिया गया। उनके स्थान पर अस्थायी रूप से वंदना गुप्ता को प्रधानाचार्य बनाया है। दूसरी ओर उज्ज्वला मिश्रा ने बताया कि दो वर्षों से विद्यालय में कोई प्रबंधक नहीं हैं।
लगभग 18 महीने पहले संजय गुप्ता ने विद्यालय के प्रशासनिक कमरे व मेन गेट की चाबियां और कैमरे के आईडी पासवर्ड अपने कब्जे में कर लिए थे। रोजा पुलिस से मुख्य गेट की चाबी दिलाने की बात कही थी। रोजा थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि विद्यालय में शांतिभंग होने की आशंका की सूचना मिली थी। इस कारण पुलिस स्कूल के गेट पर खड़ी रही। विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिक्षकों को बंधक बनाने की भी सूचना जांच में गलत पाई गई। किसी भी पक्ष से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।