बंडा (शाहजहांपुर)। एक गांव के रहने वाले शराबी व्यक्ति पर आरोप है कि उसने भतीजे के साथ मिलकर अपनी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी गोला, लखीमपुर खीरी के रहने वाले एक उम्रदराज व्यक्ति को बेच दी। बाद में रकम के बंटवारे को लेकर आरोपियों में विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने किशोरी को तलाश कर अपने कब्जे में ले लिया। दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती।
आरोप है कि पिता और उसके भतीजे ने गांव के ही एक युवक के साथ मिलकर किशोरी का सौदा करीब डेढ़ लाख रुपये में कर दिया। किशोरी को जिस व्यक्ति को शादी के लिए सौंपा गया, उसकी उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। बाद में रकम का बंटवारा नहीं होने पर शराबी पिता ने अपने भतीजे पर पुत्री को बेचने का आरोप लगाया।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उसी वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लेते हुए किशोरी को तलाश कर अपने कब्जे में लेने के साथ ही संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
खास यह है कि इस मामले में सोमवार को दलालों और किशोरी के पिता के बीच दिनभर पंचायत होने पर भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला। इस पर पुलिस ने किशोरी से शादी करने वाले व्यक्ति को भी बुला लिया, लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई किए बगैर उसे पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया। किशोरी मंगलवार को सुबह से शाम तक थाने में बैठी रही, लेकिन पुलिस तहरीर मिलने का इंतजार करती रही। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर नहीं मिलने पर किशोरी को चाइल्ड लाइन की सुपुर्दगी में दे दिया जाएगा।