जैतीपुर में आरोग्य मेले में मरीजों की जांच करते डॉक्टर। संवाद
शाहजहांपुर। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में बारिश के बावजूद तमाम मरीज पहुंचे। हालांकि, सुबह से दोपहर तक रुक-रुककर बारिश होने से गत रविवार की तुलना में मरीज कम और देर से पहुंचे। डॉक्टरों ने सभी मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दीं।
तिलहर। बारिश के कारण राजनपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दोपहर 12 बजे तक सिर्फ 30 मरीज उपचार के लिए पहुंचे, जबकि गत रविवार को वहां सुबह से ही मरीजों का मेला जुटा दिखा था। डॉ. अभिषेक जौहरी ने शाम चार बजे तक कुल 40 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाएं दीं। कुंवरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दोपहर 1:10 बजे तक बारिश के कारण मरीज बहुत कम पहुंचे। वहां मिले डॉ. अनुराग गुप्ता ने बताया कि कई मरीज दवा लेकर घर जा चुके हैं। रमापुर पीएचसी में डाॅक्टर की तैनाती नहीं होने के कारण फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने शाम तक 45 मरीजों को दवाएं दीं।
खुदागंज। हसनापुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगे आरोग्य मेले में डॉ. फहीम खां सुबह नौ बजे से अपने कक्ष में बैठ गए, लेकिन मरीजों के आने का सिलसिला बारिश धीमी होने पर दिन में 10:30 बजे से शुरू हुआ। बाद में फिर बारिश होने से शाम तक सिर्फ 11 मरीज पहुंचे। मीरानपुर कटरा। बारिश के कारण सिउरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित आरोग्य मेले में मात्र 21 मरीज पहुंचे। कुर्रियाकलां की पीएचसी में 14 मरीज पहुुंचे। अस्पताल में लैब टेक्नीशियन नहीं होने से कुछ मरीजों के खून की जांच नहीं हो पाई। निगोही। परसौना खलीलपुर पीएचसी में आयोजित आरोग्य मेले में सीएचसी के प्रभारी डॉ. नितिन चौधरी ने सुबह से शाम चार बजे तक कुल 65 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें जरूरी दवाएं दिलाईं।
परौर। पीएचसी में आरोग्य मेले में आयुष चिकित्सक डॉ.दिनेश प्रताप सिंह ने 16 मरीजों का परीक्षण कर दवा दी। संवाद