शाहजहांपुर। पुवायां रोड स्थित 132 केवीए ट्रांसमिशन के यार्ड में फॉल्ट आने से शहर के चार उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। करीब एक घंटे के बाद बिजली आपूर्ति को बहाल किया जा सका।
सुबह करीब नौ बजे फॉल्ट आने के बाद उपकेंद्रों की लाइन ट्रिप हो गई। इसके चलते चिनौर, बहादुरगंज, गोविंदगंज और ककरा उपकेंद्र के करीब 25 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली जाने के बाद उमस भरी गर्मी में लोग परेशान हो उठे। लोगों ने उपकेंद्र पर कॉल की। वहां से ट्रांसमिशन में फॉल्ट की जानकारी दी गई।
वहीं, दूसरी ओर पारेषण केंद्र के अधिशासी अभियंता मोहित श्रीवास्तव ने कर्मचारियों की टीम को लगाकर एक घंटे में आपूर्ति को बहाल कर दिया। दूसरी ओर बहादुरगंज उपकेंद्र के हुंडालखेल फीडर पर फॉल्ट आने पर उपकेंद्र पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई गई। तड़के आए फॉल्ट को बमुश्किल सही कर आपूर्ति को बहाल किया गया।
बांस और बल्लियों पर लटक रहे तार, दिया ज्ञापन
शहर के मोहल्ला एमनजई जलालनगर में खंभे नहीं लगने की वजह से तार बांस और बल्लियों पर लटक रहे हैं। सोमवार को पार्षद तालिब खां के नेतृत्व में लोगों ने कलक्ट्रेट में पहुंचकर डीएम को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को देकर खंभे लगवाए जाने की मांग की। इस मौके पर शानू, रीना, रेहाना, सुबी, मुजामिन, आलिया बेगम आदि मौजूद रहे।