शाहजहांपुर। सुदामा चौराहे के पास बेटी को कार में बैठा देख गुस्साए पिता ने युवक की पिटाई कर दी। आरोप है कि युवक ने कार से छात्रा के पिता की बाइक में टक्कर मार दी और सीधा थाने पहुंच गया।
छात्रा के पिता का आरोप है कि उसे कार से कुचलने का प्रयास किया गया। वहीं, युवक का कहना था कि पिटाई से आंख में चोट लगने की वजह से बाइक में कार से टक्कर लग गई थी। फिलहाल, देर रात तक दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास चलता रहा। इस मामले का वीडियो भी वायरल हो रहा है। रोजा थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी किशोरी सदर बाजार थाना क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ाई करती है। वह शनिवार दोपहर छुट्टी के बाद घर जा रही थी। इसी दौरान छात्रा का दोस्त उसे मिल गया। वह दोस्त की कार में बैठ रही थी।
तभी छात्रा के पिता ने उसे देखकर कार से उतार लिया। इसके बाद छात्रा के पिता ने कार में सवार युवक को भी नीचे उतार लिया। छात्रा के पिता व उस युवक के बीच कहासुनी हो गई। छात्रा के पिता ने युवक को पीट दिया। इससे युवक की आंख पर चोट लग गई।
उधर से गुजर रहे लोगों ने दोनों का बीच-बचाव करा दिया। इसी दौरान युवक ने अपनी कार स्टार्ट की और छात्रा के पिता की बाइक में टक्कर मारता हुआ भाग गया। इसके बाद वह युवक सदर थाने पहुंचा। पुलिस को पूरी बात बताई।
सदर बाजार थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में है। युवक की आंख में चोट लगी है। मामले में जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है।