मदनापुर के सिकंदरपुर कलां में बने मिनी स्टेडियम में बंद निराश्रित पशु। संवाद
मदनापुर। सड़कों से लेकर खेत-खलिहानों तक छुट्टा घूम से निराश्रित पशुओं से फसल की रखवाली करना किसानों के लिए दूभर हो गया है। रविवार को सुबह करीब नौ बजे सिकंदरपुर कलां के तमाम किसानों ने छुट्टा पशुओं को इकट्ठा कर गांव में बने मिनी स्टेडियम में बंद कर बाहर से ताला डाल दिया।
शाम करीब चार बजे भूखे-प्यासे पशुओं पर तरस खाकर गांव के ही निवासी पीआरडी के जवान शैलेंद्र सिंह ने स्टेडियम का ताला तोड़कर पशु बाहर निकाल दिए। इस दौरान करीब सात घंटे तक कोई अधिकारी और कर्मचारी किसानाें की बात सुनने नहीं पहुंचा।पशु स्टेडियम से बाहर निकाले जाने की जानकारी मिलने पर किसानों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। किसानों का कहना है कि वह रात रात भर जाकर अपनी फसल की रखवाली कर रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारी हीटर लगाकर मौज से सो रहे हैं। एक किसान ने कहा कि छुट्टा पशु पकड़ने की व्यवस्था नहीं की गई तो उन्हें ब्लाक कार्यालय परिसर में बंद करेंगे। बीडीओ गौरव मिश्रा का कहना है कि वृहद गोशाला निर्माण तेजी से हो रहा है। गोशाला बनने पर फाजिलपुर और सिकंदरपुर कला में छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान हो जाएगा।