शाहजहांपुर। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को किसान दिवस का आयोजन डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इसमें नौ किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। इसमें मुख्य रूप से डीएपी की उपलब्धता और छुट्टा गोवंशीय पशुओं से निजात दिलाने की मांग की गई।
बैठक में किसानों ने पराली खरीद सीधे कंपनी से कराने, विद्युत खंभों काे बदलवाने, धान क्रय नीति में कृषकों के प्रपत्र बार-बार न लिए जाने, कृषकों के पंजीकरण सही विकास खंड में स्थानांतरित किए जाने और सरसों मिनी किट की बुकिंग में आ रही दिक्कतों को दूर करने की मांग की।
जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर ने विगत किसान दिवस की बैठक में किसानों द्वारा उठाईं गईं समस्याओं और प्रगति के बारे में चर्चा की। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी राकेश मोहन पांडेय ने बताया कि जनपद में 178 धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इसमें करीब सौ क्रय केंद्र मंडी समितियों और बाकी आसपास की समितियों में खोले गए हैं।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि 2250 टन डीएपी, 18210 टन यूरिया, 5262 टन एनपीके सहकारी समितियों पर उपलब्ध है। डीएम ने कहा कि कृषकों की समस्याओं को निर्धारित समय में हल करें। इस दौरान एसपी राजेश द्विवेदी, सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, डीडीओ ऋषि सिंह आदि मौजूद रहे।
सहकारी समिति में खाद नहीं मिलने से किसान परेशान
कांट। ब्लॉक की सहकारी समिति कौड़ा, बी पैक्स औदापुर, बी पैक्स कांट में खाद नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। शुक्रवार को कई किसान गोदाम पहुंचे लेकिन खाद न मिलने से मायूस होकर लौट गए।
किसानों को इस समय रबी की फसल के लिए डीएपी की सख्त आवश्यकता है। खाद के बिना उनकी फसल खराब होने का डर है। एक सप्ताह के इंतजार के बाद भी सहकारी समिति में खाद नही पहुंची। शुक्रवार सुबह से ही कई किसान अपनी किसान बही और आधार कार्ड लेकर गोदाम में एकत्र हो गए।
किसानों को खाद नही मिल पाई। सचिव सर्वेश यादव ने बताया कि पिछले शनिवार को कुल चार सौ बोरी खाद प्राप्त हुई थी। इसे किसानों को वितरित कर दिया गया है। खाद आने पर शेष किसानों को वितरित की जाएगी। संवाद
समितियों में सुनिश्चित करें खाद की उपलब्धता : डीएम
शाहजहांपुर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिले में खाद की उपलब्धता के संबंध में कलक्ट्रेट वीसी कक्ष में बैठक का आयोजन किया गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिदिन समितियों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
समितियों पर लगातार खाद भेजी जाए और उसकी निगरानी भी की जाए। बैठक में एआर कोऑपरेटिव ने बताया कि जनपद में इफको की एक रैक 2675 एमटी डीएपी प्राप्त हुई है। इसमें विभिन्न समितियाें पर 1300 एमटी खाद भेजी जा चुकी है। जनपद में फास्फेटिक उर्वरकों में 1800 एमटी डीएपी, 3800 एमटी एनपीके उपलब्ध है। यह पर्याप्त है। संवाद