तिलहर सीएचसी में निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा। संवाद
तिलहर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं की पोल शनिवार को दोपहर उस वक्त खुल गई, जब तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक मिश्रा अचानक वहां पहुंच गए। इस दौरान उन्हें वाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) की ड्यूटी से कई डॉक्टर नदारद मिले और महिला शौचालय पर ताला लटका मिला। कई महिलाओं को पुरुष शौचालय में जाते देख नाराज हुए सीएमओ ने सीएचसी प्रभारी डॉ. ओमेंद्र राठौर को सभी व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान कई पंखे भी खराब मिले।
यह भी संयोग रहा कि दोपहर करीब 1:45 बजे सीएमओ के सीएचसी में दाखिल होते ही बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सीएचसी प्रभारी ने तुरंत जनरेटर चालू कराया। ओपीडी पहुंचने पर उन्हें कई डॉक्टर अपने कक्षों में नहीं मिले। पूछे जाने पर सीएचसी प्रभारी ने बताया कि डॉ. अंशुमान तिवारी इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात हैं और डॉ. कमर उज्जमा ओपीडी में मरीज देख रहे हैं।
इस बीच गैरहाजिर मिले डॉक्टर भी वहां पहुंच गए। उन्होंने सीएमओ को बताया कि वह अस्पताल परिसर में मौजूद कुछ मरीजों का उपचार करने गए थे। सीएमओ ने इमरजेंसी वार्ड, प्रसूति कक्ष, महिला वार्ड आदि का जायजा लिया। मरीजों ने सीएमओ को बताया कि कई पंखे खराब हैं।
सीएमओ को महिला शौचालय पर ताला लटका मिला और कुछ महिलाएं पुरुष शौचालय का उपयोग करती दिखाई दीं। सीएमओ को सीएचसी प्रभारी ने बताया कि महिला शौचालय की सीट और कुछ टायल्स टूट गए हैं। इसलिए मरम्मत कराने के लिए महिला शौचालय बंंद किया गया है। सीएमओ ने अस्पताल परिसर में सफाई समेत अन्य सभी अव्यवस्थाओं में जल्द सुधार कराने के निर्देश दिए।
तिलहर सीएचसी में निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा। संवाद