शाहजहांपुर। नगर पंचायत कटरा में अध्यक्ष पद के उपनिर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। डीएम ने बताया कि उपनिर्वाचन में पहली बार फेशियल रिकॉग्निशन आधारित वोटर आइडेंटिफिकेशन सिस्टम का उपयोग किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि यह प्रणाली मतदान प्रक्रिया को अधिक विश्वसनीय और पारदर्शी बनाएगी। मतदान के दिन मतदाता को पूर्व की भांति अपना पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसके आधार पर मतदान अधिकारी मतदाता सूची में नाम का सत्यापन करेंगे। इसके पश्चात एप्लिकेशन के माध्यम से पहचान पत्र की फोटो एवं मतदाता की लाइव फोटो कैप्चर की जाएगी, जिनका आपस में मिलान कर सत्यापन किया जाएगा।
साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित मतदाता द्वारा पूर्व में कहीं अन्य स्थान पर मतदान न किया गया हो। बैठक में उपनिर्वाचन को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान बताया गया कि मतदान पांच मई को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतगणना सात मई को सुबह आठ बजे से विकास खंड तिलहर में की जाएगी। बैठक में भाजनपा से विजय मोहन मिश्रा, कांग्रेस से जिलाध्यक्ष रजनीश मिश्रा, सपा से मोहम्मद शहनावाज और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक पार्टी से दानिश जीशान खान शामिल हुए। संवाद