शाहजहांपुर। होली के दूसरे दिन हुई मारपीट के मामले में मदनापुर थाने में सैंजना गांव निवासी रामौतार ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी हैं।
रामौतार ने बताया कि होली की दोपहर बेटा राममिलन नहर की पुलिया पर बैठा था। इस दौरान आए पंचू, बालवीर, रामजी ने उसे धमकाया। घर आए बेटे ने पूरी बात बताई तो वह अमरपाल के पास गए और तीनों की शिकायत की। इस पर अमरपाल नाराज हो गया और उसने भी देख लेने की धमकी की।
रामौतार ने बताया कि होली के दूसरे दिन घरवालों के साथ बैठकर खाना खा रहे थे। आरोप है कि अमरपाल, रामजी, छोटू, बालवीर, पंचू, रघुवीर, अजय निवासी ग्राम बोड़ी थाना गढि़या रंगीन, विनय कुमार, अजूब निवासी ग्राम नवादा रुद्रपुर, थाना मदनापुर ने घर पर आकर लाठी-डंडों, बांका व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
मारपीट में अजयवीर, जयसिंह राममिलन, बेटी शीतल को चोटें आईं। ग्रामीणों की भीड़ आती देख हमलावर मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस व 112 नंबर पुलिस ने घायलों को मदनापुर अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।