फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: कहीं अतिक्रमण ने तो कहीं धीमी चाल ने रोका करोड़ों की सड़कों का निर्माण

विज्ञापन
लाल इमली से सुभाष नगर तिराहे जाने वाले मार्ग पर गड्ढे। संवाद   - फोटो : Samvad
विज्ञापन
शाहजहांपुर। शहर को बेहतर यातायात सुविधा देने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से सीएम ग्रिड और स्मार्ट सिटी योजना के तहत सड़कें बनाई जा रही हैं, लेकिन इन परियोजनाओं की सुस्ती लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। कहीं अतिक्रमण के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है तो कहीं सड़क बंद होने के बावजूद निर्माण की गति बेहद धीमी है।
विज्ञापन

केरूगंज से नेशनल हाईवे तक बनने वाली स्मार्ट रोड पर छह महीने में महज करीब आधा किलोमीटर हिस्से में ही मिट्टी और पत्थर पड़ सके हैं। मोहनगंज तिराहा से कवि तिराहा तक सड़क करीब 20 दिन से बंद है। त्योहारों के कारण बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच सड़कों के बंद होने और डायवर्जन से जाम की समस्या भी बढ़ गई है।
सीएम ग्रिड योजना के तहत लाल इमली चौराहा से सुभाषनगर तिराहा तक एक किलोमीटर से अधिक लंबी ग्रीन रोड का करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण प्रस्तावित है। सड़क पर अतिक्रमण होने के कारण निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। पांच बार टेंडर होने के बावजूद किसी फर्म ने निविदा नहीं डाली है। अब 15 अक्तूबर को छठी बार टेंडर खोला जाएगा। अतिक्रमण को इस परियोजना में सबसे बड़ी बाधा माना जा रहा है।
विज्ञापन


38 करोड़ की सड़क का टेंडर पूरा, पर काम शुरू नहीं
अंटा चौराहा से बांस मंडी केरूगंज तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी ग्रीन रोड का निर्माण लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत से होना है। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में परियोजना के धरातल पर उतरने का अब भी सभी को इंतजार है।

20 दिन से सड़क बंद, निर्माण की धीमी चाल से बढ़ी परेशानी
शहीद अहमद उल्ला शाह पार्क से टाउनहॉल होते हुए सदर चौराहा तक करीब 14.22 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माणाधीन है। मोहनगंज तिराहा से कवि तिराहा तक सड़क करीब 20 दिन से बंद है। सड़क बंद होने के कारण वाहनों का दबाव दूसरे मार्गों पर बढ़ गया है। नगर निगम के अनुसार परियोजना का करीब 28 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं लाल इमली चौराहा से निशात रोड तक अतिक्रमण नहीं हटने के कारण निर्माण प्रभावित है। कवि तिराहा और लाल इमली चौराहा पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।

25 करोड़ की स्मार्ट रोड, छह माह में हुआ सिर्फ आधा किमी काम
केरूगंज से मघईटोला होते हुए नेशनल हाईवे तक 2.2 किलोमीटर लंबी स्मार्ट रोड का निर्माण करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी ने करीब छह माह पहले नेशनल हाईवे की ओर से मिट्टी और पत्थर डालने का काम शुरू कराया था, लेकिन अब तक करीब आधा किलोमीटर हिस्से में ही काम हो सका है। सड़क की चौड़ाई के लिए नगर निगम ने अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगाए हैं, लेकिन अब तक अतिक्रमण हटाया नहीं गया है।

मंत्री के निर्देश के बाद भी रफ्तार नहीं पकड़ रहा काम
स्मार्ट रोड के निर्माण में देरी को लेकर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना कई बार संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दे चुके हैं। इसके बावजूद निर्माण की गति अपेक्षित नहीं है। त्योहारों के बीच प्रमुख मार्गों पर चल रहे निर्माण ने लोगों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था दोनों को प्रभावित किया है।

लाल इमली चौराहा से टाउनहॉल होते हुए सदर चौराहा और निशात रोड से नगर निगम के पुराने भवन तक निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए गए हैं। लाल इमली चौराहा से सुभाषनगर तिराहा तक छठी बार निविदा प्रक्रिया चल रही है। अंटा चौराहा से बांस मंडी केरूगंज तक ग्रीन रोड का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा।
-आशीष त्रिवेदी, मुख्य अभियंता, नगर निगम

मघईटोला से नेशनल हाईवे तक बन रही स्मार्ट रोड के लिए अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों से बात की गई है। बारिश की वजह से काम प्रभावित हुआ था। संबंधित फर्म को निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
-महेंद्र पाल, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड

लाल इमली से सुभाष नगर तिराहे जाने वाले मार्ग पर गड्ढे। संवाद  - फोटो : Samvad

लाल इमली से सुभाष नगर तिराहे जाने वाले मार्ग पर गड्ढे। संवाद  - फोटो : Samvad

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें