पिंक ट्वायलेट के पास से हटाया जा रहा अतिक्रमण। स्रोत: नगर निगम
शाहजहांपुर। नगर निगम के पिंक व अन्य शौचालयों के आसपास अतिक्रमण को शुक्रवार को हटवा दिया गया। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने दुकानदारों को दोबारा सामान रखने पर सख्त कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
नगर निगम की ओर से 11 सामुदायिक व 10 सार्वजनिक शौचालय बनाए गए हैं। छह पिंक शौचालय भी हैं। बाजार में बने अधिकतर पिंक शौचालय के बाहर ठेले वालों ने कब्जा कर लिया है। इस वजह से बाजार में आने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। अमर उजाला ने इस समस्या को 25 अक्तूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका नगर निगम के अधिकारियों ने संज्ञान लेकर सुबह ही प्रवर्तन दल को अतिक्रमण हटवाने के लिए भेज दिया।
प्रवर्तन दल ने बहादुरगंज में मोहम्मद अली मार्केट के सामने बने पिंक शौचालय के आगे और पीछे लगी दुकानों और ठेले वालों को हटवा दिया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने की चेतावनी दी। इसके बाद प्रवर्तन दल ने केरूगंज में बांस मंडी के पास बने सार्वजनिक शौचालय के पास फल की फड़ लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान दुकानदारों और फड़ संचालकों ने कार्रवाई का विरोध भी जताया। प्रवर्तन दल के अधिकारी अजीम खान ने कहा कि अतिक्रमण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पिंक ट्वायलेट के पास से हटाया जा रहा अतिक्रमण। स्रोत: नगर निगम