पिपरौला में अतिक्रमण हटाती जेसीबी। संवाद
कांट (शाहजहांपुर)। बरेली मोड़ से जलालाबाद तक फोरलेन मंजूर होने के बाद निर्माण में बाधा बने अतिक्रमण को हटाने के लिए मंगलवार को पीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग की टीम ने अभियान चलाया। अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस दिए गए थे लेकिन उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया था।
स्टेट हाईवे-29 का चौड़ीकरण किया जाना है। यहां पर अतिक्रमण किए हुए 80 लोगों को नोटिस दिए गए थे। तीन नोटिस देने के बावजूद किसी ने अतिक्रमण नहीं हटाया।
मंगलवार को तहसीलदार सदर सत्येंद्र कटियार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पिपरौला क्षेत्र में अतिक्रमण हटवाना शुरू किया। बरेली मोड़ से लेकर पिपरौला के बीच अतिक्रमण को हटाया गया। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पवन कुमार ने बताया कि अतिक्रमण के कारण कार्य रुका हुआ था। 20 सितंबर को कांट में अतिक्रमण हटाया जाएगा। संवाद