प्रदेश के पारीक्षा, आनपारा और ओबरा ताप बिजली घरों में तकनीकी खराबी के कारण तीन इकाइयां बंद होने का खामियाजा शहर के उपभोक्ताओं को आपात कटौती के तौर पर भुगतना पड़ रहा है। रविवार को दिन में नौ घंटे की नियमित कटौती के बाद रात 11 बजे से दो बजे तक आपात कटौती लागू रही। इस कारण कामकाजी लोगों की सनडे की छुट्टी का मजा किरकिरा हो गया, क्योंकि दोपहर से शाम तक बिजली के बगैर बिताने के बाद रात में भी चैन की नींद नहीं सो सके।
खास यह है कि नियमित कटौती का बदला हुआ शेड्यूल समाज के किसी वर्ग को रास नहीं आ रहा है। दो सप्ताह पहले तक तीन चरणों में नौ घंटे की नियमित कटौती के बावजूद बीच में सप्लाई मिलने से लोगों को गर्मी और उमस से कुछ देर को राहत मिल जाती थी। पिछले एक सप्ताह से नियमित कटौती के समय में कोई कमी किए बगैर दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक पॉवर कट लागू कर दिए जाने घरों में पानी का संकट पैदा होने लगा और बैटरियां चार्ज नहीं होने से इनवर्टर भी शो पीस साबित होने लगे।
तीन दिन पहले इसी समस्या को लेकर व्यापार मंडल कंछल गुट के नगर अध्यक्ष सचिन बाथम के नेतृत्व में व्यापारियों ने पॉवर कारपोरेशन के सर्किल ऑफिस में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बावजूद कटौती का रोस्टर नहीं बदला। यही नहीं, रात में आपात कटौती के नाम पर दो से तीन घंटे बत्ती गुल रहना आम बात हो गई है। इससे संगठनों का गुस्सा फिर से भड़कने लगा है।
एसई ने चीफ से की बात सिस्टम कंट्रोल को भेजा पत्र
रात में होने वाली आपात कटौती में कमी लाने के लिए अधीक्षण अभियंता आरएस प्रसाद निरंतर प्रयासशील हैं, लेकिन तापीय इकाइयों में उत्पादन घटने के कारण बड़े शहरों में हो रही रोस्टरिंग के दौर में उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। एसई प्रसाद ने बताया कि वह रोजाना लखनऊ सिस्टम कंट्रोल से पत्राचार कर रहे हैं, लेकिन वहां के एक्सईएन ने कानपुर, बरेली, मुरादाबाद जैसे महानगरों में हो रही कटौती का हवाला दिया। अधीक्षण अभियंता के अनुसार इस संबंध में चीफ इंजीनियर वीके शर्मा से सोमवार को फोन पर हुई बातचीत से उम्मीद है कि रात की कटौती से छुटकारा जल्द मिल जाएगा।
बिजली कटौती पर भड़के व्यापारियों का प्रदर्शन
शाहजहांपुर। नौ घंटे की नियमित बिजली कटौती के बावजूद रात में तीन घंटे की आपात कटौती से परेशान शहर के व्यापारी सोमवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बहादुरगंज पचराहा इकाई के अध्यक्ष अनवार खां के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
बाद में व्यापारियों के शिष्टमंडल ने डीएम के नाम ज्ञापन देकर जनहित में रात के समय होने वाली कटौती पर तत्काल रोक लगाए जाने के साथ नियमित कटौती का पुराना शेड्यूल लागू किए जाने की मांग की। प्रदर्शन में राजेश शर्मा, जयवीर, यासीन खां, इलियास कुरैशी, देवेश गुप्ता, पंकज वर्मा, वसीउल्ला, रशीद खां, फुरकान अली, सगीर अहमद आदि शामिल रहे।