लखनऊ/शाहजहांपुर। भाजपा नेता से उलझने और एसडीएम की बात नहीं मानने वाले बिजली निगम के तिलहर के उपखंड अधिकारी(एसडीओ) कैलाश सिंह यादव को निलंबित कर दिया गया है। डीएम की शिकायत पर मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने कार्रवाई की है।
19 दिसंबर 2025 को तिलहर के भाजपा महानगर अध्यक्ष साहू रोहित सिंह का एसडीओ से विवाद हो गया था। बिलों में वृद्धि समेत कई बिंदुओं को लेकर विवाद होने पर मामले की शिकायत वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से की गई थी। दूसरी ओर एसडीएम तिलहर ने डीएम को रिपोर्ट भेजकर तहसील दिवस में नहीं आने, अनुचित व्यवहार करने समेत समेत कई आरोप लगाए थे। डीएम ने पूरे मामले में प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा था। एमडी ने एसडीओ को निलंबित कर दिया। प्रबंध निदेशक की तरफ से सात अप्रैल को जारी किए गए निलंबन आदेश में कहा गया कि कैलाश सिंह यादव शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता के कार्यक्रम संपूर्ण समाधान योजना की पूर्ण तरीके से अवहेलना करना, बिना अनुमति के गैर हाजिर रहने, अधिकारियों से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। प्रबंध निदेशक ने इस आचरण पर निलंबित करते हुए देवीपाटन जोन गोंडा स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध किया गया।
शाहजहांपुर के अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि पूर्व में एसडीओ की शिकायत की गई थी। जिसके आधार पर कार्रवाई की गई है।
=====