शाहजहांपुर। मौसम में आया बदलाव शनिवार सुबह शहर समेत जिले के बिजली नेटवर्क पर भारी पड़ गया। बारिश के साथ आंधी चलने के दौरान ककरा में 11 केवी हाईटेंशन लाइन का पोल उखड़कर जमीन पर गिर गया। इस कारण ककरा कला उपकेंद्र के दो फीडरों से जुड़े इलाकों में करीब ढाई घंटे तक बत्ती गुल रही। उधर, बहादुरगंज उपकेंद्र की 33 केवी मेन लाइन पर पैना से कैंट एरिया तक कई जगह खराबी आ गई। दोपहर दो बजे तक इस लाइन के सिर्फ आधे हिस्से को सुधारा जा सका।
उधर, गोविंदगंज उपकेंद्र की तारीन टिकली फीडर वाली लाइन के तार आपस में टकराए तो शार्ट सर्किट से कई जगह जंपर जल गए। ककरा कलां उपकेंद्र के ककरा फीडर की लाइन पोल गिरने से क्षतिग्रस्त हुई तो उसे ठीक करने के लिए सुबह 7.30 बजे आनंदपुरम फीडर भी बंद कर दिया गया क्योंकि ककरा फीडर की लाइन को ओवरक्रॉस कर आनंदपुरम फीडर की लाइन निकाली गई है। क्षेत्रीय अवर अभियंता सत्यपाल सिंह ने आनंदपुरम फीडर की आपूर्ति करीब ढाई घंटे बाद चालू करा दी, लेकिन ककरा फीडर की लाइन का पोल बदलने में करीब छह घंटे लग गए।
यही नहीं, बहादुरगंज उपकेंद्र की 33 केवी वाली मेन लाइन के तार दो-तीन जगह टूट गए। प्रभारी जेई मनीष प्रजापति ने कर्मचारियों से पेट्रोलिंग कराकर दो जगह लाइन ठीक कराई, लेकिन वह चालू नहीं हो सकी। बाद में दोबारा जांच करने पर एक जगह लाइन खराब मिलने पर वहां भी तार जोड़े गए। इस कारण बहादुरगंज के सभी फीडर चालू करने में सात घंटे लग गए। इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों के लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
निगोही उपकेंद्र का घेराव कर बंद कराई बिजली आपूर्ति
निगोही। नगर पंचायत हमजापुर के उपभोक्ताओं ने क्षेत्र में 250 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने के विरोध में शनिवार को सुबह होते ही बिजली उपकेंद्र को घेर लिया और कस्बा समेत पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद करा दी। हमजापुर में लगा 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर क्षेत्र में बिजली लोड अधिक होने के कारण आए दिन फुंक जाता है। बीते एक माह से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है, लेकिन उसे बदला नहीं जा रहा। इसी के विरोध में हमजापुर के लोगों ने जबरन फीडर बंद कराए तो कस्बे के लोग वहां पहुंच गए।
उन्होंने बिजली आपूर्ति बंद किए जाने का विरोध किया तो दोनों पक्षों में बहस होने लगी। इस बीच, कुछ लोगों ने मामले की डीएम से शिकायत की। डीएम के निर्देश पर विद्युत निगम के एक्सईएन ने प्रभारी जेई को बिजली आपूर्ति बंद कराने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए तो हमजापुर के नागरिक चले गए। करीब नौ घंटे बाद शाम 3.49 बजे सभी फीडर चालू हो सके। संवाद
मीरानपुर कटरा में बिजली की लाइनों को ठीक करते कर्मचारी- फोटो : SHAHJAHANPUR