शाहजहांपुर। बिजली की 11केवी हाईटेंशन लाइनों के तार तेज हवा में आपस में टकराने से उनमें ट्रिपिंग और जंपर जलने की समस्या बढ़ने लगी है। सोमवार रात से मंगलवार को दिन में 11 बजे तक ककरा, निगोही रोड गदियाना, सरायकाइयां और अब्दुल्लागंज के 33 केवी उपकेंद्रों से निकली विभिन्न फीडरों की लाइनों पर यह समस्या बनी रही। इस दौरान कई स्थानों पर जंपर जलने से आधा घंटा से लेकर एक घंटा तक बिजली आपूर्ति ठप रही। विद्युत निगम के अभियंता भी मानते हैं कि हर साल इस सीजन में शुष्क पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने से लाइनों पर ट्रिपिंग की समस्या बढ़ जाती है, लेकिन इस बार यह दिक्कत अभी से होने लगी है।
शहर की नगरपालिका परिषद को नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद स्मार्ट सिटी से जुड़ी विकास की परियोजनाओं पर काम शुरू होने के साथ ही विद्युत निगम ने शहर के आबादी क्षेत्र में मुख्य मार्गों के किनारे 11 केवी लाइनों की शिफ्टिंग का काम कराया। मुख्य मार्गों की खुले तारों वाली 11 केवी क्षमता की हाईटेंशन लाइनों को हटाकर वहां बंच केबिल वाली लाइनें बिछाई जा चुकी हैं। ऐसा इसलिए किया कि तेज हवा और बारिश मेें लाइनों को शॉर्ट सर्किट से बचाया जा सके। इसके बावजूद शहर में घनी आबादी वाले कई अंदरूनी क्षेत्रों के रास्तों पर यह काम अभी तक नहीं हो सका है।
यही वजह है कि ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले शहरी बाशिंदों को मौसम बिगड़ने या फिर तेज हवा चलने पर लाइन फाल्ट होने से घंटों बिजली संकट से जूझना पड़ता है। यही सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक हुआ। सोमवार रात करीब 11 बजे पछुआ हवा के तेज थपेड़ों ने लाइनों को झकझोरना शुरू कर दिया। नतीजे में ककरा उपकेंद्र के आनंदपुरम फीडर और सुभाषनगर की लाइनों के खुले तार आपस में टकराए तो शार्ट सर्किट से दोनों लाइनें ट्रिप होने लगीं। दोनों लाइनें 20 मिनट तक बंद रहने के बाद चालू की गईं, लेकिन इसी दौरान मामुड़ी के पास जंपर जल गया। नतीजे में वहां एक घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
ककरा उपकेंद्र की अन्य लाइनों में भी दोपहर तक ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। बार-बार बत्ती गुल होने से तमाम लोगों की सुबह की दिनचर्या बाधित हुई क्योंकि अधिकांश घरों में सबमर्सिबल और जेट पंप नहीं चल पाने से खाली हो चुकीं पानी की टंकियां भरी नहीं जा सकीं। शहर के अन्य बिजली उपकेंद्रों की लाइनें भी तेज हवा से प्रभावित हुईं। इस कारण निगोही रोड पर गदियाना चुंगी, सैनिक कॉलोनी, ऐमनजई जलालनगर, लाला तेली बजरिया, सरायकाइयां उपकेंद्र से जुड़े मिश्रीपुर, दीवान जोगराज, केरूगंज (आंशिक) व रोशनगंज के कुछ हिस्सों समेत अब्दुल्लागंज उपकेंद्र से जुड़े जियाखेल, चारखंभा, मतानी, बक्सरिया, रंगमहला, छोटा चौक (आंशिक), गर्रा फाटक आदि क्षेत्रों में बिजली व्यवधान बना रहा।