खुटार निवासी रामकली का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
खुटार। टेबल फैन (पंखे) में करंट उतर आने से उसकी चपेट में आकर मोहल्ला बगियानाथ निवासी राजेंद्र प्रसाद की 65 वर्षीय पत्नी रामकली की मौत हो गई।
राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मंगलवार दोपहर घर में पंखा चल रहा था। रामकली का हाथ पंखे से छूते ही करंट लगने से वह गिरकर छटपटाने लगीं। परिजनों ने पंखे का प्लग निकाला, तब तक रामकली की मौत हो चुकी थी। शोर होने पर आसपास के तमाम लोग राजेंद्र प्रसाद के घर पहुंच गए।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। रामकली की मौत से पति राजेंद्र प्रसाद, पुत्र सत्यदेव, कपिल, सूरज, सतीश का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार, शव का पंचनामा भरा है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। संवाद
तिलहर : करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसा युवक
तिलहर। रिश्तेदारी में बिलहरी गांव आए सिंधौली क्षेत्र के गांव रक्सा निवासी हरिओम मंगलवार को दोपहर रिश्तेदार के घर पर चढ़कर 11 केवीए हाईटेंशन लाइन के ढीले तार कसते समय करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हरिओम को उनके रिश्तेदार गांव वालों की मदद से सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां डाॅक्टर ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। विद्युत निगम के एसडीओ विजय नारायण चौहान ने बताया कि इस बारे में उनके कार्यालय को कोई सूचना नहीं है। हाईटेंशन लाइनों का काम शट डाउन देने के बाद केवल विभागीय कर्मचारियों से कराया जाता है। संवाद