शाहजहांपुर। चोरों ने सोमवार रात चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला अजीजगंज में घर के बाहर खड़े दो ई-रिक्शा से आठ बैटरियां चोरी कर लीं। आसपास लगे सीसी कैमरे में एक व्यक्ति वाहन में बैटरियां रखता दिख रहा है।
चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला अजीजगंज निवासी अजीत वर्मा का कुछ दिनों पहले किसी से विवाद हो गया था। मारपीट में घायल होने के बाद से वह अस्पताल में भर्ती हैं। सोमवार रात उनका और पड़ोस में रहने वाले उनके चाचा धीरज का ई-रिक्शा घर के बाहर खड़ा था। रात करीब एक बजे दोनों ई-रिक्शा से आठ बैटरियां चुरा लीं गईं।
बताया जा रहा है कि एक बच्ची ने चोरी करते देख लिया। उसके शोर पर सभी भाग गए। सूचना पर अजीजगंज चौकी प्रभारी ललित शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर गए। सीसी कैमरे चेक किए। एक संदिग्ध व्यक्ति बैटरियों को ई-रिक्शा से निकालकर चार पहिया वाहन में रखता दिखाई दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद