शाहजहांपुर के जीएफ कॉलेज में टीजीटी व पीजीटी की परीक्षा देकर जाते परीक्षार्थी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शहर के एसएस कॉलेज में दो, आर्य महिला डिग्री कॉलेज एक और जीएफ कॉलेज में दो केंद्रों पर टीजीटी की परीक्षा हुई। इनमें 290 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। दूसरे दिन की परीक्षा में 2726 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2436 ने परीक्षा दी, जबकि 270 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा दो पालियों में कराई गई। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक रही। पहली पाली में 1448 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, 1285 उपस्थित और 163 अनुपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली में 1278 पंजीकृत, 1151 उपस्थित तथा 127 गैरहाजिर रहे। डीआईओएस शौकीन सिंह ने बताया कि दोनों ही पालियों में परीक्षाएं शांतिपूर्ण तरीके से हुई। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। एसपी एस आनंद, एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी जीएफ कॉलेज पहुंचे और कक्ष में जाकर निरीक्षण किया।
इटावा के केंद्र का प्रवेश पत्र लेकर पहुंची परीक्षार्थी
टीजीटी परीक्षा के जीएफ कॉलेज केंद्र पर रविवार को एक परीक्षार्थी इटावा के केंद्र का प्रवेश पत्र लेकर पहुंच गई। केंद्र के बाहर चस्पा सूची में नाम न मिलने पर परीक्षार्थी ने हंगामा शुरू कर दिया। मामला थाने तक पहुंच गया। सदर बाजार इंस्पेक्टर अशोक पाल कॉलेज पहुंचे और महिला को लेकर थाने आ गए। बाद में समझा-बुझाकर महिला परीक्षार्थी को वापस भेज दिया गया। डीआईओएस शौकीन सिंह ने बताया कि परीक्षार्थी के पास जो एडमिट कार्ड था, उसमें दर्ज रोल नंबर इटावा के एक केंद्र का था। इसलिए उसे परीक्षा देने से रोका गया। जीएफ कॉलेज में परीक्षा प्रभारी अशरद खां ने बताया कि परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र में अंकित रोल नंबर कॉलेज की सूची में नहीं था। इसलिए उसे वापस किया गया है।