जलालाबाद। पीएम श्री संविलियन विद्यालय सिकंदरपुर अफगानान में कॅरियर काउंसलिंग कार्यक्रम विहंग का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत विविध क्षेत्रों के लोगों ने कॅरियर से जुड़े अपने विचार विद्यार्थियों के समक्ष रखे।
एसबीआई के शाखा प्रबंधक रवि सिंह ने बैंकिंग सेक्टर में भविष्य बनाने की संभावनाओं पर कहा कि कक्षा आठ से 12वीं तक का समय सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है। इसमें हमें लक्ष्य का निर्धारण कर आगे बढ़ना चाहिए। कोऑपरेटिव बैंक के शाखा प्रबंधक पुनीत मिश्रा ने उत्तम भविष्य के लिए समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
भारत रि इंश्योरेंस प्राइवेट लिमिटेड के जीएम अमन कुमार शुक्ला ने इंश्योरेंस के क्षेत्र में भविष्य बनाने की संभावनाओं पर बच्चों से बात की। अधिवक्ता मृदुल कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों से अग्निवीर तथा सेना में प्रवेश के लिए एनडीए सहित अन्य क्षेत्र के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को स्वयं की सुरक्षा रखने के लिए प्रेरित किया।
क्षेत्रीय कौशल विकास एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण केंद्र सुंदरनगर, हिमाचल प्रदेश के पुनर्वास मनोवैज्ञानिक शुभम मिश्रा ने कहा कि शिक्षा आनंद का विषय है तथा इसका उद्देश्य व्यक्तित्व का विकास करना है। इस दौरान विद्यार्थियों ने अतिथियों से विभिन्न प्रश्न पूछे। माधव शुक्ला के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य जुबैर खान ने आभार जताया। इस मौके पर प्रतिभा मिश्रा, असमा बी, गुलाम ख्वाजा, सोनी देवी, विनीत सिंह, ओमकार सिंह आदि मौजूद रहे।