शाहजहांपुर के कलक्ट्रेट सभागार जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक को संबोधित करते ?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में नमामि गंगे प्रोजेक्ट के अंतर्गत जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक हुई। डीएम ने बताया कि जलालाबाद व गंगा के बीच 250 बीघा जमीन में ईको पार्क विकसित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी एसबी सिंह ने बैठक के उद्देश्य को बताते हुए कहा कि अब ‘नमामि गंग’ प्रोजेक्ट में गंगा की 13 सहायक नदियों को भी शामिल कर लिया गया है। इनमें रामगंगा और गोमती शाहजहांपुर से प्रवाहित होती हैं।
जिला गंगा समिति के सदस्यों ने बताया कि गंगा किनारे स्थित सभी 12 राजस्व ग्रामों में गंगा समिति की बैठक हो चुकी है तथा गंगा आरती नियमित चल रही है। अब शहर की गर्रा व खन्नौत नदियों पर भी आरती की योजना है। डीएम ने चयनित 12 गंगा ग्रामों में घरेलू अपशिष्ट, जैव चिकित्सीय अवशेष, रासायनिक कृषि उर्वरक, कीटनाशक गंगा में न पहुंचने की पुख्ता कार्ययोजना बनाने व उसे लागू करने के निर्देश दिए। सामूहिक स्नान घाट बनाने, धोबीघाट की व्यवस्था कर गंगा के निर्मलीकरण के लिए जमीनी स्तर पर काम करने को कहा।
उन्होंने नगर आयुक्त से शहर की दोनों नदियों में जलीय अपशिष्ट न जाने की कार्ययोजना बनाने के लिए कहा। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि चयनित 12 गंगा ग्राम में नदी किनारे ऑर्गेनिक फार्मिंग व औषधीय पौधों के लिए एफपीओ काम कर रहा है। जिला पर्यावरण प्लान के अंतर्गत एक से सात जुलाई तक चलने वाले वन वृक्षारोपण सप्ताह के तहत सभी विभागों से रोपित किये जाने वाले पौधों की संख्या देने को कहा गया। बैठक में एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, नगर आयुक्त संतोष शर्मा आदि मौजूद रहे।