शाहजहांपुर। इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करके फिर से चलाया जाने लगा है। शनिवार को ये बसें अपने निर्धारित रूटों पर चलीं। हालांकि इन बसों में यात्रियों की संख्या काफी कम रही।
शहर में इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाए जाने के बाद दो-तीन दिनों तक ही चल सकी थीं। जिसका कारण इन बसों की चार्जिंग के लिए कोई व्यवस्था न होना था। अब इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए ककरा स्थित स्टेशन पर एक चार्जिंग प्वाइंट शुरू कर दिया गया है। इस चार्जिंग प्वाइंट से ही इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज कर फिर से सड़क पर उतारा गया है। पिछले दो दिनों से इन बसों का संचालन शहर की सड़कों पर हो रहा है और लोग इनका सफर कर रहे हैं। बरेली मोड़ से रोडवेज की ओर जाने वाली इलेक्ट्रिक बस के चालक ने बताया कि वह सुबह 9:00 बजे चार्जिंग स्टेशन व डिपो से निकला था और निर्धारित रूट पर बस का संचालन कर रहा है। बस में सफर करने वालों की संख्या काफी कम है, उम्मीद है धीरे-धीरे लोग इलेक्ट्रिक बस का सफर करना शुरू कर देंगे।
---------
पांच इलेक्ट्रिक बसें चलीं, 25 का होना है संचालन
- शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसों को चलाने का योजना है, लेकिन अभी सिर्फ पांच बसें ही शहर में आईं हैं। जिनको कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने चार जनवरी को खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। जबकि नगर निगम की ओर से पहले चरण में आठ बसें प्राप्त होने की बात कही जा रही थी।
-----
चार्जिंग के लिए तैयारी भी पूरी नहीं
- इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए तैयारी भी पूरी नहीं है। ककरा में बने इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन व डिपो पर निर्माण कार्य चल रहा है। चार्जिंग प्वाइंट आदि से जुड़ा काफी काम अधूरा है, जिसको पूरा होने में अभी समय लगेगा।
------
वर्जन::::
इलेक्ट्रिक बसों का संचालन परिवहन निगम की ओर से करवाया जा रहा है। पिछले दिनों चार्जिंग न होने की वजह से बसें नहीं चल रही थीं, जिसकी व्यवस्था करवा दी गई हैं। साथ ही इन बसों का संचालन फिर से शुरू करवा दिया गया है। जो कि निरंतर जारी रहेगा। - एसके वर्मा, एआरएम