फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: अतिक्रमण में फंसा दुर्गा मंदिर कॉरिडोर, 14 माह में बनी सिर्फ 100 मीटर सड़क

विज्ञापन
चौक मंडी में अतिक्रमण से गली हुई संकरी। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। मंडी स्थित दुर्गा मंदिर को बेहतर यातायात व्यवस्था से जोड़ने के लिए बनाया जा रहा यू-टर्न कॉरिडोर निर्माण अतिक्रमण के आगे बेबस है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के प्रमुख प्रोजेक्ट में शामिल इस कॉरिडोर का निर्माण सितंबर 2025 में शुरू हुआ था। नौ महीने में काम पूरा होना था, लेकिन 14 महीने बीतने के बाद भी करीब तीन सौ मीटर लंबे कॉरिडोर में महज 100 मीटर सड़क ही बन सकी है। अतिक्रमण के कारण पिछले छह महीने से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है।
विज्ञापन

मंडी की तंग गलियों में सड़क निर्माण के लिए नगर निगम ने एक से डेढ़ मीटर तक अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगाए थे। इसके बाद व्यापारियों के विरोध के चलते कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। नतीजा यह है कि निर्माण एजेंसी आवास विकास परिषद काम शुरू करने के लिए नगर निगम की कार्रवाई का इंतजार कर रही है।
आवास विकास परिषद के सहायक अभियंता हेमंतराज के अनुसार, परियोजना के लिए करीब एक करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत है। कॉरिडोर के तहत करीब 300 मीटर सीसी रोड का निर्माण होना है। जहां नालियां नहीं हैं, वहां नई नालियां बनाई जानी हैं, जबकि पुरानी नालियों की मरम्मत भी परियोजना में शामिल है।
विज्ञापन

बताशों वाली गली में करीब 100 मीटर सड़क बन चुकी है और नालियों की मरम्मत का काम भी पूरा हो गया है। गांधी पार्क के सामने वाली गली में सड़क और नई नालियों का निर्माण होना है, लेकिन यहां सघन बाजार के बीच अतिक्रमण होने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। निर्माण एजेंसी के अनुसार, अब करीब एक महीने का काम ही शेष है, लेकिन अतिक्रमण हटे बिना यह भी पूरा होना मुश्किल है।
मछली मार्केट से चौराहा तक करीब चार माह पहले बनी सड़क भी पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हो सकी है। सड़क के बीच खड़े बिजली के खंभे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं।

निर्माण पूरा नहीं, उखड़ने लगी सड़क
दुर्गा मंदिर कॉरिडोर के लिए सौ मीटर सड़क का निर्माण हो चुका है। अभी प्रोजेक्ट पूरा भी नहीं हो सका है लेकिन सड़क उखड़ने लगी है। इससे इसकी गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
विज्ञापन



दुर्गा मंदिर कॉरिडोर के मार्ग से अतिक्रमण हटाने के लिए त्योहार के बाद व्यापारियों से बातचीत की जाएगी। जल्द ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।
- सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त

चौक मंडी में अतिक्रमण से गली हुई संकरी। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें