शाहजहांपुर। आंधी और बारिश की वजह से ग्रामीण इलाकों की बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई। निगोही और बंडा में 24 घंटे के बाद भी बिजली नहीं आ सकी है। संविदाकर्मियों की हड़ताल की वजह से शाम को कार्य शुरू हुआ। संभावना है कि मंगलवार को बिजली आपूर्ति बहाल हो सकेगी। निगोही में रविवार शाम आंधी-पानी और ओलावृष्टि हुई। इससे लिपुलेख भिंड मार्ग पर 12 पोल टूटकर गिर गए। रात आठ बजे के बाद कस्बे की आपूर्ति शुरू कर दी गई, लेकिन निगोही के ग्रामीण इलाकों की आपूर्ति बाधित रही। जिंदपुरा, तालगांव, वर्ल्ड बैंक आदि फीडरों से निकले आधे गांवों को बिजली मिल सकी।
निगम के कर्मियों के मुताबिक, फीडरों के आधे गांवों की बिजली आपूर्ति सोमवार शाम तक बहाल नहीं हो सकी। जेई ब्रजेश सिंह ने बताया कि संविदा कर्मियों के हड़ताल पर होने के कारण आपूर्ति मिलने में देरी लगी है। लाइन को ठीक कराया जा रहा है।
बंडा के गांवों में 24 घंटे से आपूर्ति नहीं
बंडा। रविवार शाम तेज आंधी व बारिश से कई जगह बिजली की जर्जर लाइन टूटने से आपूर्ति बाधित है। गांव सैदापुर,पड़रिया दलेलपुर, भानपुर, निबुआचक, मदारपुर, रसूलापुर, सैजनिया, खड़पारी, महमूदापुर में बिजली नहीं आई है। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली न आने से लोग बेहाल हैं। अवर अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि लाइनों पर गश्त कराकर आपूर्ति को बहाल कराने का प्रयास कर रहे हैं। संवाद
आज यहां होगा मरम्मत कार्य
- कलान उपकेंद्र की 33 केवी लाइन पर मंगलवार को आरडीएसएस योजना के तहत मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। इसके चलते सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक कलान उपकेंद्र की विद्युत आपूर्ति बाधित होगी।
- स्मार्ट रोड पर मंगलवार को लाइन शिफ्ट करने का काम होने से आवास विकास तेल टंकी मार्ग की बिजली सुबह दस से शाम चार बजे तक बाधित रहेगी।
- एसडीओ मनीष सिंह ने बताया कि बहादुरगंज उपकेंद्र के आलम की ठेकी के पास चार सौ केवी के ट्रांसफॉर्मर की जर्जर एलटी लाइन को बदलने के चलते सुबह आठ से दो बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी।
खुटार में भी भारी नुकसान, बिजली लाइनों के टूटे खंभे
खुटार। तेज आंधी और बारिश से कई स्थानों पर खंभे टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। गांव दिलीपपुर में छप्पर गिरने से एक महिला घायल हो गई।
रविवार शाम को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। खुटार-पुवायां मार्ग से रौतापुर जाने वाले रोड पर तीन खंभे गिरने से ट्रांसफाॅर्मर भी नीचे गिर गया और बिजली लाइन ध्वस्त हो गई, इससे आवागमन भी बाधित हो गया। गांव रामपुर कलां से खीरी जनपद के गांव पड़सर जाने वाले रोड पर गांव नवाजपुर के पास बिजली लाइन के ऊपर पेड़ गिरने से खंभा टूट गया।
सोमवार सुबह यहां भी कुछ घंटे के लिए आवागमन बंद रहा, इसके बाद लोगों ने खंभे को किनारे कर आवागमन शुरू किया। गांव पिपरिया भागवंत से अंडहा रोड पर बिजली लाइन के ऊपर पेड़ गिरने से लाइन टूटकर जमीन पर गिर गई। खुटार-बंडा स्टेट हाईवे पर पिपरिया भागवंत मोड़ के पास से गुजरी हाईटेंशन बिजली लाइन टूट कर जमीन पर गिर गई।
नगर के मोहल्ला नौगवां कोट में पेड़ बिजली लाइन पर गिरने से पांच खंभे टूट गए। नगर में कुछ मोहल्लों को छोड़कर बाकी बिजली सप्लाई सोमवार सुबह शुरू कर दी गई। खुटार क्षेत्र में बिजली सप्लाई के लिए कुल 14 फीडरों में नगर को छोड़कर शेष 13 फीडरों की बिजली सोमवार को बंद रही। जेई अवधेश कुमार ने बताया कि सोमवार रात तक अन्य फीडरों की बिजली सप्लाई भी शुरू कर दी जाएगी। संवाद
खुटार क्षेत्र में सोमवार को सर्वे में लगभग 25 खंभे टूटे मिले हैं। बिजली लाइनें ठीक कराई जा रही है और सर्वे कार्य भी कराया जा रहा है। - राजकुमार कुर्मी, एक्सईएन, बिजली पुवायां
छप्पर से दबकर महिला घायल
तेज आंधी आने से गांव दिलीपपुर में नन्हेंलाल की पत्नी गीता देवी अपने घर में पड़े छप्पर को पकड़े थीं। इस दौरान छप्पर के ऊपर पेड़ गिरने से गीता देवी छप्पर के नीचे दबकर घायल हो गई।
लाइन फाल्ट से धर्मपुर नई बस्ती में तीन दिन से बिजली संकट
शाहजहांपुर। कलान नगर पंचायत सीमा क्षेत्र के समीप गांव धर्मपुर नई बस्ती में बिजली का तार टूट जाने से तीन दिन से सैकड़ों लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं। इससे लोगों की दिनचर्या बाधित होने के साथ रात में लोगों को चोरों का भय सता रहा है।
गांव के रामदास कठेरिया, जंडैल माथुर, ध्रुव कुमार, महावीर कश्यप, सुधीर कश्यप आदि विद्युत उपभोक्ताओं ने बताया कि तार टूटने के बाद तीन दिन में कई बार विद्युत निगम के कर्मचारियों को सूचना दी गई, लेकिन लाइन ठीक करने कोई नहीं आया। ग्रामीणों के अनुसार भीषण गर्मी में बिजली के बगैर रात बितानी कठिन हो रही है। संवाद