शाहजहांपुर। भीषण गर्मी शुरू होने के साथ ही शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमराने लगी है। मोहल्ला तारीन जलालनगर में शनिवार को हाइटेंशन लाइनों पर ओवरलोडिंग के कारण चार घंटे बत्ती गुल रही। उधर, तिलहर के शिवदासपुर फीडर की लाइन में खराबी के कारण कई गांवों में चार दिन से बिजली संकट बना हुआ है।
तारीन जलालनगर में शनिवार सुबह से बिजली आपूर्ति सामान्य बनी रही, लेकिन पूर्वाह्न करीब 11 बजे बिजली चली गई। लोगों ने समझा कि कुछ देर को ट्रिपिंग हुई है, लेकिन जब काफी देर तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो क्षेत्र के लोगों ने बिजली उपकेंद्र पर फोन कर जानकारी की। पता चला कि लाइन फाॅल्ट के कारण आपूर्ति में व्यवधान पैदा हुआ है।
हालांकि, अपराह्न करीब तीन बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो गई, लेकिन सिर्फ एक फेस आने से वोल्टेज बहुत कम मिला। इस कारण पंखे, कूलर, फ्रिज आदि उपकरण दिखावटी बने रहे। सबमर्सिबल पंप नहीं चल पाने से तमाम घरों में पानी का भी संकट रहा।
तिलहर। शिवदासपुर फीडर की लाइन खराब होने से क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों में चार दिन से बिजली संकट है। आंधी ओर बारिश के दौरान विभिन्न स्थानों पर इस फीडर के करीब 15 खंभे गिर गए थे। तब से लाइन में सुधार का काम पूरा नहीं होने से फीडर बंद है। हालांकि, एसडीओ हरेंद्र कुमार का कहना है कि क्षेत्र में निगम की टीमें लगातार कार्य कर रहीं हैं।
एसडीओ ने बताया कि रविवार को गुरगवां गांव में 11 केवी लाइन के नवीनीकरण और केबल जोड़ लगाने आदि कार्यों के लिए टाउन फर्स्ट फीडर से जुड़े नगर के कई मोहल्लों समेत गुरगवां और आसपास के गांवों में सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक नौ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान उन्हाेंने क्षेत्रवासियों से धैर्य बनाए रखने का अनुरोध किया है।