शाहजहांपुर में चौक कोतवाली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार सुबह फ्लोरेंस नाइटिंगल नर्सिंग कॉलेज के सामने पड़े खाली प्लॉट से अंतरजनपदीय वाहन चोर गैंग के छह सदस्यों को पकड़ा। आरोपियों से चोरी की छह बाइकें बरामद कीं। इसके बाद बाइक चोरों को कोर्ट में पेश किया। फिर न्यायिक अभिरक्षा में सभी को जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में सिंधौली थाना क्षेत्र के भटपुरा रसूलपुर गांव का उमेश, गुलफाम, इमरान, संजीत, रोजा थाना क्षेत्र के लोदीपुर मोहल्ला निवासी जनाब व थाना सदर बाजार क्षेत्र की शांतिपुरम कॉलोनी निवासी नूर मोहम्मद उर्फ जरैंद है। इनके कब्जे से चोरी की एक रायफल, दो कारतूस, चोरी की छह मोटर साइकिल, दो मोबाइल फोन, नंबर प्लेट खोलने व लगाने के उपकरण, छह फर्जी नंबर प्लेट, चार असली नंबर प्लेट, एक टार्च बरामद की गई है। पूछताछ में पता चला है कि चोरी की बाइकें थाना सदर बाजार क्षेत्र, चौक कोतवाली क्षेत्र, हरदोई जनपद से चोरी की गईं हैं।
यह भी पढ़ें- UP: खपरैल के मकान में रहने वाले दिव्यांग के खाते में 97.24 लाख रुपये... केंद्रीय एजेंसी के अलर्ट के बाद FIR
एसपी सिटी ने बताया कि उमेश पर आठ, जनाब पर 11 और नूर मोहम्मद पर सात मुकदमें दर्ज हैं। ये रेकी करने के बाद एक जगह पर काफी देर से खड़ी बाइक का लॉक मास्टर चाभी से खोल लेते थे। फिर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर भाग जाते थे। इनके और भी सदस्यों का पता लगाया जा रहा है। एसपी राजेश द्विवेदी ने टीम की हौसला अफजाई की।