पत्नी से झगड़े के बाद नशे में धुत युवक ने आत्महत्या करने की पोस्ट फेसबुक पर डाल दी। इस पर मेटा ने पुलिस की मीडिया सेल को अलर्ट भेजा। स्थानीय पुलिस ने युवक के घर जाकर उसकी काउंसलिंग की।
शाहजहांपुर में पति के शराब पीकर आने पर दंपती के बीच विवाद हो गया। नशे की हालत में युवक ने आत्महत्या करने का वीडियो सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर शेयर कर दिया। मेटा से अलर्ट आने के बाद अल्हागंज थाना पुलिस ने मौके पर जाकर उसे बचाया है। युवक की काउंसलिंग की गई है।
विज्ञापन
अल्हागंज थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाले युवक किसी काम से कस्बे में आया था। वहां उसने शराब पी ली और घर पहुंच गया। पति के शराब पीकर आकर आने पर पत्नी ने विरोध किया। इससे दोनों में विवाद हो गया। युवक ने आत्महत्या करने की बात कहते हुए वीडियो बनाया और फेसबुक पर पोस्ट कर दिया।
मेटा से मीडिया सेल के पास आई सूचना
इसके बाद अपना व पत्नी का मोबाइल फोन तोड़ दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद मेटा से मीडिया सेल के पास सूचना आई। इसके बाद युवक की लोकेशन तलाश कर अल्हागंज पुलिस को सूचना दी गई। हल्का उप निरीक्षक नगेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूछताछ की।
युवक घर में शराब के नशे की हालत में मौजूद मिला। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की। उसके पिता, पत्नी व अन्य परिजनों की उपस्थिति में समझाया। युवक ने मोबाइल फोन तोड़ने से इंकार किया। बताया कि उसके बेटे ने मोबाइल तोड़ा है। पुलिस ने उसे परिजन के सुपुर्द कर दिया।