शाहजहांपुर में होली पर लाट साहब का जुलूस निकाला जाता है। इस जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुटा है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी शुरू कर दी गई है।
शाहजहांपुर में होली पर निकलने वाले लाट साहब के जुलूस को देखते हुए पुलिस ने ड्रोन कैमरे के जरिये छतों की निगहबानी शुरू कर दी है। चौक कोतवाली क्षेत्र में जुलूस मार्ग की ड्रोन कैमरे से चेकिंग कराई गई। हालांकि इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
विज्ञापन
शाहजहांपुर में लाट साहब का जुलूस पूरे देश में मशहूर है। होली के दिन एक युवक को लाट साहब बनाकर भैंसागाड़ी पर बैठाकर सात किलोमीटर तक जुलूस निकाला जाता है। लाट साहब का स्वागत जूते और चप्पलों से किया जाता है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस के चलते टकराव की स्थिति को रोकने के लिए पुलिस को काफी तैयारियां करना होती है। धार्मिक स्थलों को तिरपाल से ढका जाता है, साथ ही रूट की चेकिंग भी कराई जाती है।
लोगों से संवाद कर रहे पुलिस अधिकारी
इसी क्रम में चौक कोतवाली पुलिस ने लाट साहब के निर्धारित मार्ग पर ड्रोन कैमरे के जरिये निगरानी शुरू कर दी है, जिससे छतों से ईंट-पत्थर हटाए जा सकें। पुलिस के अधिकारी रोज ही भ्रमण कर लोगों से संवाद काम कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग पर यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों, मार्ग की चौड़ाई, विद्युत तारों की स्थिति व अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखा जा रहा है।