कांट रोड स्थित एआरटीओ का निर्माणाधीन ट्रेनिंग सेंटर। संवाद
कांट। नगर पंचायत में जलालाबाद रोड पर ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक बनकर तैयार हो गया है। इस पर वाहन चलाने पर पास होने पर लाइसेंस जारी किए जाएंगे। एआरटीओ के अनुसार, लगभग एक से डेढ़ महीने में ट्रैक को शुरू करा दिया जाएगा।
अब तक लाइसेंस के लिए आवेदन करने पर नियामतपुर स्थित एआरटीओ कार्यालय में वाहन चलवाकर देखा जाता है। फिर लाइसेंस जारी किया जाता है। परिवहन विभाग ने बड़े शहरों की तरह टेस्टिंग ट्रैक का निर्माण जलालाबाद रोड पर कराया है। यह बनकर तैयार हो गया है।
लाइसेंस जारी करने से पहले टेस्टिंग ट्रैक पर चालक की दक्षता जांची जाएगी, इसके लिए आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों को ट्रैक पर गाड़ी चलाना होगी। इसके बाद ही उनका लाइसेंस जारी होगा। वाहन को दाएं-बाएं करने के अलावा रफ्तार एवं अन्य गतिविधियों की जांच ट्रैक पर होगी।
एआरटीओ सर्वेश सिंह ने बताया कि ट्रैक पर थोड़ा काम शेष बचा है। यह पूरा होने के बाद कार्यदायी संस्था जांच कर ट्रैक को निगम के सुपुर्द करेगी। एक से डेढ़ महीने में इसे शुरू करा देंगे।