अल्हागंज में लगे सीसीटीवी कैमरे। संवाद
अल्हागंज। नगर पंचायत सीमा क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा को लगाए गए सीसी कैमरे कई माह से खराब होने के कारण सिर्फ दिखावटी बन कर रह गए हैं। व्यापारियों ने बाजारों की सुरक्षा के लिए नगर पंचायत से कैमरे जल्द ठीक कराने की मांग की है।
प्रशासन ने नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण स्थानों पर 47 सीसी कैमरे लगवाए थे। इनमें चार फंक्शनल कैमरे भी शामिल हैं। नगर के चौराहों और बाजारों में लगाए गए अधिकतर कैमरे देखरेख न हो पाने की वजह से कई माह से बंद होने से रिकॉर्डिंग नहीं कर रहे हैं।
नगर पंचायत ने भी कैमरों की मरम्मत के लिए न तो बजट जारी किया और न ही किसी एजेंसी को देखरेख का जिम्मा दिया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शैलेश कुमार के अनुसार तमाम कैमरों की वायरिंग खराब हो चुकी है। कई कैमरों की वायरिंग ठीक कराने के बाद दोबारा खराब हो गई। यह कैमरे वाई-फाई से जोड़ने पर भी नहीं चले। उनका कहना है कि नगर पंचायत की अगली बोर्ड बैठक में वाई-फाई सुविधा से लैस सीसी कैमरे लगाने का प्रस्ताव पारित कराया जाएगा। संवाद