कांट के कुर्रियाकलां मंदिर में कपाट खुलने के पहले दिन दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
कुर्रियाकलां। चैत्र नवरात्र का पारायण होने के बाद गांव में प्राचीन देवी मंदिर के कपाट छह माह के अंतराल के बाद सोमवार को दशमी तिथि पर सुबह चार बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इससे पूर्व पुजारी पंडित गुरुदेव प्रसाद ने वैदिक मंत्रोच्चारण करके देवी का आह्वान किया और प्रतिमाएं स्थापित कीं। श्रद्धालुओं ने माता के जयकारे लगाते हुए उनके दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
पहले दिन देवी दर्शन और पूजन के लिए दूरदराज के गांवों से तमाम श्रद्धालु पहुंचे। इस कारण मंदिर प्रांगण में कई बार भीड़ लग गई। चौकी प्रभारी परमित कुमार ने पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला। कपाट खुलने के बाद डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, एसपी राजेश द्विवेदी, एडीएम प्रशासन संजय पांडेय आदि ने परिवार सहित माता रानी के दर्शन किए। इस दौरान भाजपा नेता कौशल मिश्रा, विनीत मिश्रा, ग्राम प्रधान सुधांशु मिश्रा, अनुज दीक्षित, मनुज दीक्षित आदि मौजूद रहे। संवाद