पुवायां। सीओ बीएस वीर कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर बिना परखे किसी भी फोटो और वीडियो को शेयर न करें। अनजाने व्यक्ति से मित्रता स्वीकार न करें। कहीं से कोई अनजान लिंक आने पर उसे न खोलें। जरा सी सावधानी से ठगी और ब्लैकमेलिंग की घटनाओं से बचा जा सकता है।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को पुवायां के प्रेमचंद्र स्मारक इंटर कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में सीओ ने कहा कि महिला शक्ति के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090 बनाया गया है। इस नंबर पर महिला ही आपकी बात सुनेगी। छात्राएं, महिलाएं 1090 पर बिना झिझक के अपनी बात कह सकती हैं। अगर अपना नाम, पता गोपनीय रखना चाहती हैं तो यह व्यवस्था भी है। शिकायत पर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होती है। आप सभी हेल्पलाइन नंबरों को याद कर लें अन्यथा लिखकर रख लें। सीओ ने कहा कि पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं ज्यादा सजग होती हैं। अपराध हमेशा संकेत देता है, अगर आपने उस संकेत को पहचान लिया तो अपराध रोका जा सकता है।
हादसों का जिक्र करते हुए सीओ ने कहा कि देश में क्राइम से कई गुना ज्यादा लोग दुर्घटना में मरते हैं। इस कारण बाइक, स्कूटी आदि चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी वीके मौर्य ने यातायात के नियमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से हादसों पर रोक लगती है। 18 वर्ष से पहले वाहन बिल्कुल न चलाएं। महिला सिपाही शिवानी त्यागी ने जानकारी दी कि महिला हेल्पलाइन चल रही है। किसी महिला-लड़की को कोई परेशान करता है तो उससे डरने की जरूरत नहीं है। अपनी बात पुलिस तक पहुंचाएं। कॉलेज के संरक्षक रामनारायण मेहरोत्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया। आयोजन में आकाश मेहरोत्रा, प्रतिभा त्रिवेदी, प्रिंसिपल योगेंद्र मोहन, परिषेक मिश्रा आदि शिक्षकों का सहयोग रहा।
पुलिस की पाठशाला में हेल्पलाइन नंबरों के साथ ही कानूनी जानकारी दी गई जो काफी लाभप्रद है। साइबर क्राइम के बारे में भी उपयोगी जानकारी मिली।
- मुस्कान भारती, छात्रा
हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया गया। हेलमेट लगा होने पर हादसा होने की दशा में काफी बचाव हो जाता है। बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर लगाना चाहिए।
- कोमलप्रीत कौर, छात्रा
लोग जानकारी के अभाव में ठगों को ओटीपी आदि बता देते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं। हमें यह ध्यान रखना चाहिए और साइबर ठगी से बचना चाहिए।
- यश गुप्ता, छात्र
मोबाइल, ई मेल पर आया कोई संदिग्ध लिंक बैंक खाता खाली कर सकता है। साथ ही अन्य मुसीबत में डाल सकता है। इससे बचाव की जानकारी मिली।
- अभिनव मिश्रा, छात्र
समाचार पत्रों में कई बार पढ़ा है कि अनजान व्यक्ति से बातचीत शुरू होने के बाद ठगी आदि की घटनाएं हो जाती हैं। पुलिस की पाठशाला में इसके प्रति जानकारी दी गई और जागरूक किया गया।
- राजदीप सिंह, छात्र
यातायात से लेकर महिला हेल्प डेस्क, जरूरी फोन नंबर भी बताए गए। जागरूक किया गया कि जुल्म से दबना नहीं है, मुकाबला करना है। जीवन में यह काम आएगा।
- स्वाति, छात्रा