शाहजहांपुर। रोजा-शाहजहांपुर के बीच दो घंटे का ब्लॉक लेकर ट्रैक मरम्मत का कार्य किया गया। इस दौरान सियालदाह एक्सप्रेस रोजा रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
सर्दी का मौसम शुरू होने पर पटरियों के सिकुड़ने से चटकने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में रेलवे की ओर से ब्लॉक लेकर ट्रैक की मरम्मत का काम किया जा रहा है। मंगलवार को रोजा-शाजहांपुुर के बीच ट्रैक मरम्मत के कार्य को शाम करीब 3:15 बजे दो घंटे का ब्लॉक लिया गया था। कर्मचारियों ने ट्रैक मरम्मत का कार्य किया। इस दौरान कोलकाता से चलकर जम्मू जाने वाली सियालदह एक्सप्रेस रोजा के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर आकर खड़ी हो गई। कुछ देर के बाद जब नहीं चली, तो यात्रियों ने चालक और गार्ड से इसकी जानकारी ली, लेकिन संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद स्टेशन मास्टर के कक्ष में जाकर पूछा, उन्होंने बताया कि ब्लॉक के चलते ट्रैक पर मरम्मत काम चल रहा है। शाम 5:15 बजे ब्लॉक खत्म होने पर ट्रेन को रवाना किया जाएगा। ब्लॉक खत्म होने के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।