ढाई घंटे तक भूख और प्यास से तड़पते रहे जाम में फंसे लोग
अधिकारियों के सप्लाई चालू करने के आश्वासन पर माने लोग
भीषण कर्मी में बिजली न आने से परेशान लोगों का शनिवार को सब्र जवाब दे गया। व्यापारियों ने शनिवार को कटरा-खुदागंज मार्ग पर वाहन आड़े तिरछे खड़े करके चक्का जाम कर दिया और धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों को सप्लाई शीघ्र चालू कराने का आश्वासन दिया। इस पर व्यापारी मान गए और करीब ढाई घंटे बाद जाम खोला। इस दौरान जाम में फंसे राहगीर गर्मी में भूख और प्यास से तड़पते रहे।
पिछले कई दिनों से बिजली न आने से गुस्साए पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन सुधीर सिंह और व्यापार मंडल अध्यक्ष कृपाशंकर रस्तोगी के नेतृत्व में तमाम लोग खुदागंज चौराहे पर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए, जिससे आवागमन ठप हो गया। व्यापारियों के जाम लगाने की खबर मिलते ही एसओ आशुतोष सिंह मौके पर गए और व्यापारियों से समझाने की कोशिश की, लेकिन व्यापारी नहीं माने। इसी दौरान एसडीएम के निर्देश पर उपखंड अधिकारी कुमार विकल्प, जेई शिवसरन ने अनशनकारियों से बात की और शनिवार रात 10 बजे तक बिजली सप्लाई चालू करने का आश्वासन दिया। इससे व्यापारी सहमत हो गये और दोपहर बाद धरना समाप्त कर दिया।
धूप और गर्मी में तड़पते रहे लोग
जाम के दौरान कटरा-खुदागंज, खुदागंज-फरीदपुर मार्ग पर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गई। इससे जामें फंसे लोग धूप और गर्मी में खासे परेशान रहे। जाम लगाने और धरना देने वालों में कुर्मी कल्याण परिषद के मंडलीय अध्यक्ष झब्बूलाल गंगवार, रविंद्र गुप्ता, सियाराम नायक, राशिद बेग, नीटू गुप्ता, फैयाज खां, नीरज जैन, नबाब हसन, तसब्बर अली सलमानी, वीरेंद्र गुप्ता, माधव अग्रवाल, मोहम्मद कौनेन अंसारी, इरशाद अंसारी, शेर सिंह यादव, राजेश बाथम आदि शामिल रहे।