भारद्वाज कॉलोनी में वेब सीरीज की शूटिंग करते कलाकार।
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर में हिंदी वेब सीरीज दास्तान-ए-मोहल्ले की शूटिंग चल रही है। इसमें जिले के कई कलाकार नजर आएंगे, जो पिछले एक सप्ताह से शूटिंग में व्यस्त हैं। अथर्व कल्चरल सोसाइटी के डायरेक्टर योगेश पांडेय इस वेब सीरीज के लाइन प्रोड्यूसर हैं। निर्देशन सूर्यकांत वर्मा कर रहे हैं। निर्माता एमडी इकबाल अहमद व सूर्यकांत वर्मा हैं।
निर्देशक सूर्यकांत ने बताया कि यह एक फैमिली ड्रामा है। यह वेब सीरीज 1990 के दशक की कहानी पर बनी है। इसकी शूटिंग शहर की विभिन्न लोकेशन पर की जा रही है। अब तक पक्का पुल, भारद्वाज कॉलोनी, केरूगंज, हनुमत धाम पर शूटिंग हो चुकी है।
वेब सीरीज में नजर आएंगे ये कलाकार
वेब सीरीज में जिले के वरिष्ठ रंगकर्मी शमीम आजाद, कृष्णा श्रीवास्तव के साथ ही शाश्वत सुदर्शन, आयरा, अमित मिश्रा, बाहुल, मेघाली, राहुल, मनीषा सोनी, कैलाश, कुंदन, विशाल, करमवीर, सोनी राजवंशी और आकांक्षा अवस्थी भूमिकाओं में नजर आएंगे। कैमरामैन और लेखक धर्मेंद्र सिंह सिसौदिया भी जिले के ही हैं। उनके साथ में आरव मिश्रा ने लेखन कार्य किया है। आर्ट डायरेक्टर अरुण पाल हैं।
फिल्म के निर्माता एमडी इकबाल अहमद ने बताया कि शहर में 20 दिनों की शूटिंग होगी। सीरीज में तकनीशियन मुंबई, दिल्ली व लखनऊ से आए हैं। कलाकारों को यहां का मौसम और खाना काफी पसंद आ रहा है। आने वाले समय में टीम कुछ और सीरीज की शूटिंग शहर में करेगी।