रेलवे स्टेशन के एक बूथ और उसके आसपास जलभराव की स्थिति। संवाद
शाहजहांपुर। गर्मी में स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराने के विशेष निर्देश के बाद शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर इंतजाम तो कर लिए गए, लेकिन पानी के बूथों के पास गंदगी पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
सोमवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर अतिथि गृह के पास बने पानी के बूथ और उसके आसपास जलभराव की स्थिति देखने को मिली। चारों ओर जलभराव होने की वजह से यात्री पानी भरना तो दूर बूथ तक पहुंच भी नहीं पा रहे थे। वहीं प्लेटफार्म नंबर चार पर एक बूथ की टंकी से लगातार पानी बहता मिला। इन दोनों ही स्थानों पर पानी की होती बर्बादी और फैली गंदगी पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
इसके अलावा शीतल जल की उपलब्धता भी सभी बूथों पर नहीं है। हालांकि प्रत्येक प्लेटफार्म पर वॉटर कूलर लगाया गया है लेकिन इसकी संख्या कम होने की वजह से यात्रियों को शीतल जल प्राप्त होना मुश्किल होता है। यदि यात्री प्लेटफार्म पर स्थित वाटर कूलर से ठंडा पानी भरने जाए तो ट्रेन के छूटने की आशंका रहती है।
सीएमआई एसके ठाकुर का कहना है कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। बूथ और उसके आसपास जलभराव, गंदगी की समस्या है तो उसको ठीक करवाया जाएगा।