तिलहर क्षेत्र में तालाबों का निरीक्षण करते डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह। स्रोत: सूचना विभाग
तिलहर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को ग्राम बझेड़ा-बझेडी और कुइयां में लगभग 26 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले तालाब और गांव हसौआ में 1.4 हेक्टेयर चारागाह भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराने और उनके पुनर्जीवन को लेकर 15 जून तक खोदाई व सुंदरीकरण कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
डीएम ने कहा कि तालाब की भूमि को तत्काल खाली कराया जाए और डालमिया चीनी मिल का पानी तालाब में आने से तुरंत रोका जाए। उन्होंने पूरे तालाब की खोदाई कराने, तालाब के चारों ओर 10 फुट चौड़ा ट्रैक बनाने और पांच फुट चौड़ाई में पौधरोपण कराने के निर्देश भी दिए।
चारागाह भूमि का निरीक्षण करते हुए डीएम ने कहा कि एक एकड़ क्षेत्रफल में गोशाला का निर्माण कराया जाए। शेष भूमि पर हरे चारे की बुआई की जाएगी। उन्होंने तहसीलदार को निर्देश दिए कि संबंधित प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि 15 जून से पहले प्रत्येक ग्राम में कम से कम एक नए तालाब की खोदाई का कार्य शुरू कराया जाए। इस दौरान एसडीएम तिलहर जीत सिंह राय आदि मौजूद रहे।