भावलखेड़ा। रोजा स्थित टाउनशिप के एक आवास में थर्मल पॉवर के डीजीएम आईटी मंगलवार शाम मृत पाए गए। बताया जा रहा है कि वह कई दिनों से बीमार थे। उनके मृत होने की जानकारी तब हुई जब उनका नौकर खाना बनाने के लिए पहुंचा। रोजा थर्मल पॉवर के सिक्योरिटी अधिकारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिवार वालों को सूचना दे दी गई है।
झारखंड के जनपद बिलासपुर की भारतीय नगर कॉलोनी निवासी सुनील कुमार (45) रोजा थर्मल पॉवर प्लांट में डीजीएम आईटी पद पर कार्यरत थे। वह थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र में स्थित रोजा थर्मल पॉवर टाउनशिप में रहते थे। मंगलवार सुबह उनका नौकर मोहल्ला ताहवरगंज निवासी रतीराम ने जाकर देखा तो डीजीएम सुनील कुमार के आवास का दरवाजा बंद। इस पर वह उनके सोता होने का सोच कर लौट गया। दोपहर करीब दो बजे गया तो उस वक्त भी दरवाजा बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर रतीराम ने कंपनी के सुरक्षा अधिकारियों को जानकारी दी। सुरक्षा अधिकारी मुनव्वर ने मौके पर जाकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर कोई हरकत नहीं हुई। फिर इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन संजय सिंह ने आवास का दरवाजा तुड़वाया तो अंदर सुनील कुमार मृत पड़े पाए गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक लोगों ने बताया कि सुनील कई दिनों से बीमार थे। उनके कमरे से कई तरह की दवाएं बरामद हुई हैं। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
डीजीएम के कमरे में कई तरह की दवाइयां मिली हैं। कई दिनों से उनकी तबीयत भी खराब चल रही थी। इससे लगता है कि उनकी मौत बीमारी से हुई होगी। हालांकि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा।
- संजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन