नेशनल हाईवे को फोरलेन बनाने के लिए अधिग्रहीत जमीन का मुआवजा न मिलने से परेशान होकर बंथरा गांव के बुजुर्ग राजेंद्र प्रसाद बुधवार को कलक्ट्रेट स्थित भूमि अध्यापित कार्यालय के संबंधित पटल लिपिक पर भड़क उठे।
लिपिक ने उन्हें चुप करने की कोशिश की तो किसान राजेंद्र प्रसाद ने पोर्टिको के पास लिपिक को लानत मलामत शुरू कर दी। शोर सुनकर सिटी मजिस्ट्रेट कमलेश द्विवेदी पीड़ित किसान को लेकर संबंधित कार्यालय पहुंचे। विशेष भूमि अध्यप्ति अधिकारी ने माजरा समझने के बाद लिपिक को फटकारा और राजेंद्र प्रसाद को मुआवजा जल्द दिलाने का भरोसा देकर शांत किया।
इसलिए राजेंद्र का भड़क उठा गुस्सा
बंथरा में राजेंद्र प्रसाद का खेत नेशनल हाईवे के किनारे है। वर्ष 2013 में फोरलेन प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने से पहले उनकी रोड साइड की सौ मीटर जमीन अधिग्रहीत करने का उन्हें नोटिस जारी हुआ। नोटिस के आधार पर मुआवजा पाने को किसान राजेंद्र प्रसाद ने खसरा-खतौनी और अन्य प्रपत्र सहित पत्रावली विशेष भूमि अध्यप्ति कार्यालय में प्रस्तुत की। तब से तारीख-दर-तारीख राजेंद्र प्रसाद चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार कोई न कोई आपत्ति लगाकर उन्हें टरकाया जाता रहा। बुधवार को फिर पटल लिपिक आरएन दुबे ने उन्हें टहलाने की कोशिश की तो राजेंद्र बिफर उठे।
लिपिक पर पैसा लेकर काम न करने का आरोप
लिपिक जोगेंद्र ने मुआवजा पत्रावली में आवेदक के पिता का नाम गलत बताते हुए राजेंद्र के हस्ताक्षर पर संदेह व्यक्त किया। इस बात से क्षुब्ध होकर राजेंद्र कार्यालय के बाहर आकर लिपिक को लताड़ने लगे। बोले, पैसा पहले ले लिया फिर भी काम नहीं करते। बैकफुट पर आए लिपिक ने राजेंद्र की चिरौरी करने की कोशिश की, लेकिन राजेंद्र चुप नहीं हुए।
सिटी मजिस्ट्रेट ने राजेंद्र को दिलाया भरोसा
बरामदे में शोर-शराबा होने पर वहां तमाम लोगों का मजमा जुट गया। इस बीच, सूचना पाकर सिटी मजिस्ट्रेट कमलेश द्विवेदी भी वहां पहुंच गए। मामला समझने के बाद वह राजेंद्र को लेकर भूमि अध्यप्ति कार्यालय पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट को आया देख वहां के कार्यालय प्रभारी ने पटल लिपिक को साफतौर पर चेतावनी दी कि लोगों की परेशान करने की हरकतें करना छोड़ दें वरना भविष्य में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राजेंद्र को आश्वस्त किया कि उनकी पत्रावली का निस्तारण जल्द करके मुआवजा दिला दिया जाएगा।
अफसरों की लापरवाही
से रुका भुगतान
किसान राजेंद्र के आरोपों से घिरे विशेष भूमि अध्यप्ति अधिकारी कार्यालय के पटल लिपिक आरएन दुबे ने स्पष्ट किया है कि विभाग के पूर्ववर्ती अधिकारियों की लापरवाही से राजेंद्र प्रसाद को अधिग्रहीत जमीन का मुआवजा मिलने में देरी हुई। उन्होंने बताया कि भूमि स्वामी राजेंद्र ने पत्रावली में जरूरी प्रपत्र आज ही प्रस्तुत किए हैं।
शहबाजपुर के ग्रामीणों का
कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन
फसली सर्वे में लेखपाल की लापरवाही पर उपजा गुस्सा
- डीएम से सभी नुकसान प्रभावितों को मुआवजा के चेक दिलाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। फसली नुकसान के सर्वे और मुआवजा के चेक देने में लेखपाल के स्तर से लापरवाही बरते जाने के मुद्दे को लेकर शहबाजपुर के ग्रामीणों ने शिवसेना नेता अमन नैयर के साथ बुधवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। बाद में डीएम के नाम ज्ञापन देकर सभी नुकसान प्रभावितों को मुआवजा के चेक दिलाने की मांग की।
सिटी मजिस्ट्रेट कमलेश द्विवेदी को ज्ञापन देकर ग्रामीणों ने बताया कि भावलखेड़ा ब्लॉक के शहबाजपुर गांव में तमाम किसानों को फसली नुकसान उठाना पड़ा, लेकिन ग्राम प्रधान और लेखपाल ने मौके पर बिना कोई जांच किए मनमाने तरीके से मुआवजा की रिपोर्ट अफसरों को भेज दी। लेखपाल ने ग्राम प्रधान के यहां बैठकर सजातीय लोगों को चेक दिलाए, लेकिन नुकसान से प्रभावित अन्य किसानों को मुआवजा पात्रता सूची में शामिल नहीं किया।
ज्ञापन में दोबारा सर्वे करके फसली नुकसान से प्रभावित सभी किसानों को मुआवजा दिलाने, ग्राम प्रधान और लेखपाल के कामों की जांच कराने, गढ़िया रंगीन में नाले के निर्माण पर लगाई गई रोक हटाने आदि मांगों का उल्लेख किया गया है। प्रदर्शन में मोहित श्रीवास्तव, बलराम, नरेश चंद्र सक्सेना, रूम सिंह, रामबेटी, सुनीता देवी, उर्मिला, कृष्णा देवी, पंकज वर्मा, लालता प्रसाद आदि शामिल रहे।
विधायक राजेश ने किसानों
को बांटे मुआवजा चेक
खुदागंज। क्षेत्रीय विधायक राजेश यादव ने कहा कि हर प्रभावित को मुआवजे के चेक इसी सप्ताह मिल जाएंगे।
वह क्षेत्र के गांव देवरास में अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजे के चेक वितरण के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। कहा कि किसानों के आपदा की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है। इस अवसर पर उन्होंने 116 किसानों को चेक बांटे। उन्होंने गांव में श्मशान भूमि और कब्रिस्तान की बाउंड्री बाल बनवाने की घोषणा की। विधायक ने कहा कि अतिशीघ्र भुंडी घाट पर पुल का निर्माण और खुदागंज में डिग्री कॉलेज की स्थापना होगी। इस अवसर पर प्रधान रामगुनी, राजस्व निरीक्षक राजकमल, हरजिंदर सिंह, रामबहादुर गुप्ता, राजेश गंगवार, शकील खां, चित्रभान सिंह, राजेश बाथम आदि मौजूद रहे। संचालन अकबर अली ने किया।