कुर्रिया कलां क्षेत्र में बिजली न आने पर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
कुर्रियाकलां। गर्मी और उमस में चौहनापुर विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई है। तीन दिन से उपकेंद्र के तीनाें फीडरों से जुड़े गांवों को मुश्किल से दस घंटे बिजली मिल सकी है। कभी ओवरलोडिंग की समस्या तो कभी यार्ड की मशीनों ओर लाइनों में फॉल्ट के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। समस्या का समाधान नहीं किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को गांव में प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
उपकेंद्र के कुर्रियाकलां, चौहनापुर और निकरा फीडर ओवरलोडिंग के कारण एक साथ नहीं चल पा रहे हैं। एक फीडर को एक या दो घंटे ही चलाया जा रहा है। बाद में उसे बंद करके दूसरे फीडर चालू किए जाते हैं। बृहस्पतिवार को कुर्रिया फीडर पूरे दिन बंद रहा।
शुक्रवार को दिन में दो तीन घंटे बमुश्किल बिजली मिलने से कुर्रियाकलां समेत कई गांवों के बाशिंदे गर्मी से बेहाल हो उठे। बिजली संकट से क्षेत्र के कोटेदार भी परेशान दिखे क्योंकि ई-पास मशीनों की बैटरी खत्म हो जाने से खाद्यान्न वितरण ठप रहा।
उपकेंद पर शिकायत करने पर भी बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर गांव के जग्गू मिश्रा के नेतृत्व में अखिलेश अग्निहोत्री, कंचन शुक्ला, रानू मिश्रा, संदीप गुप्ता, सूरज प्रजापति, दीपक कुमार,अंकित आदि ने प्रदर्शन किया। साथ ही बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं होने पर उपकेंद्र का घेराव करने की चेतावनी दी।
आज बंद रहेगी बिजली आपूर्ति
शाहजहांपुर। बहादुरगंज उपकेंद्र के विकास भवन फीडर पर रविवार को सेपरेशन का कार्य होगा। इसके चलते सुबह नौ से एक बजे तक फीडर को बंद रखा जाएगा। इस अवधि में 11 केवीए पैनल के पीछे भी केबल जोड़ने का कार्य होना है। जेई आनंद कुमार ने बताया कि शाह कॉलोनी में आरडीएसएस योजना के अंतर्गत होने वाले कार्य की वजह से सुबह दस से शाम चार बजे तक बिजली बंद रहेगी। संवाद