पुवायां। नगर के चरक हॉस्पिटल में गांव ककरहा की जूली की ऑपरेशन के बाद इलाज के लिए बरेली ले जाते समय मौत के मामले में जूली के ससुर जोगराज ने एससीएसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाने की मांग करते हुए एसपी को पत्र भेजा है।
जोगराज ने बताया कि इलाज के दौरान रुपये कम होने के कारण उनसे जातिसूचक गाली-गलौज किया गया था। डॉक्टरों की लापरवाही से उनकी पुत्रवधू की हालत बिगड़ी और इलाज के लिए बरेली ले जाते समय मौत हुई है। पुत्रवधूू का ऑपरेशन करते समय बेहोश करने वाले डॉक्टर को भी मौके पर नहीं बुलाकर लापरवाही बरती गई।
जोगराज ने विसरा की जांच कराने और अस्पताल से इलाज की फाइल जमा कराने की मांग की है। जोगराज का कहना है कि पुत्रवधू को पानी पिलाने और पुरानी हृदय रोगी होने की बात गलत है। पुत्रवधू को कभी हृदयरोग नहीं हुआ और इलाज की जरूरत नहीं पड़ी। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि सीएमओ की जांच रिपोर्ट मिलने और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।